मुझे यह समझ नहीं आ रहा कि दूसरे वनडे मुकाबले में युजवेंद्र चहल को आखिर में क्यों गेंदबाजी दी गई?- अजीत अगरकर - क्रिकट्रैकर हिंदी

मुझे यह समझ नहीं आ रहा कि दूसरे वनडे मुकाबले में युजवेंद्र चहल को आखिर में क्यों गेंदबाजी दी गई?- अजीत अगरकर

आप चाहे कितने भी अच्छे गेंदबाज हो अगर क्रीज में सेट बल्लेबाज खड़ा है तो वो आपको बड़े शॉट्स लगाने को देखेगा: अजीत अगरकर

Yuzvendra Chahal (Image Source: BCCI)
Yuzvendra Chahal (Image Source: BCCI)

24 जुलाई को त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जा चुके वेस्टइंडीज बनाम भारत के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से मात दी। भारतीय टीम के ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन से ना ही सिर्फ अपनी टीम को इस मुकाबले में जीत दिलाई बल्कि सीरीज को भी अपने नाम किया।

हालांकि जीत के बावजूद भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर ने इस बात पर सवाल उठाया है कि युजवेंद्र चहल को शुरुआत में गेंदबाजी ना देकर आखिर में गेंदबाजी क्यों दी गई जब मेजबान टीम के दो बल्लेबाज पूरी तरह से सेट हो गए थे। चहल ने इस मुकाबले में 9 ओवर फेंकें और 69 रन देकर 1 विकेट झटका।

फैनकोड पर चर्चा के दौरान जब अगरकर से पूछा गया कि क्या आप चहल को पहले गेंदबाजी करवाते तो उन्होंने कहा कि, ‘ मुझे भारतीय टीम का यह प्लान समझ नहीं आया कि चहल को आखिर के लिए क्यों रोका गया? उन्होंने जब भी गेंदबाजी की है काफी बेहतरीन की है। इस मुकाबले में हमने देखा कि आखिरी में मेजबान टीम के पास कई धुआंधार बल्लेबाज थे। शायद पारी के अंत में वो विकेट लेने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘ये हमेशा आसान नहीं होता। आप चाहे कितने भी अच्छे गेंदबाज हो अगर क्रीज में सेट बल्लेबाज खड़ा है तो वो आपको बड़े शॉट्स लगाने को देखेगा। हम सब जानते हैं कि वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों के पास कितना दम है। आपको उनको शुरुआत में ही आउट कर देना चाहिए वरना वो लोग आखिरी में काफी आक्रमक साबित हो सकते हैं।

इससे फर्क नहीं पड़ता कि कौन आखिरी में गेंदबाजी करता है: अजीत अगरकर

अजीत अगरकर ने आगे कहा कि, ‘मुझे पता है कि दीपक हुड्डा ने काइल मेयर्स का विकेट उस समय झटका जब टीम को इस विकेट की बेहद जरूरत थी। हुड्डा ने अपनी पहली गेंद फेंकी और मेयर्स ने काफी खराब शॉट खेला लेकिन इसको हटाकर आपने सबसे बड़ी गलती यह की कि वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को आपने साझेदारी बनाने का मौका दिया और इसी वजह से उन्होंने भारत के सामने इतना बड़ा लक्ष्य रखा। एक बार बल्लेबाज सेट हो जाता है तो इससे कोई मतलब नहीं होता कि कौन आखिरी में गेंदबाजी करने आ रहा है।

जिस तरीके से वेस्टइंडीज टीम ने शुरुआत की उससे भारतीय टीम काफी हैरान हो गई थी। 7 ओवर में वेस्टइंडीज टीम ने 49 रन बनाए और उस समय भारतीय टीम काफी परेशान दिख रही थी। अपने ठाकुर को एक ओवर दिया और फिर आप अक्षर पटेल को एक ओवर के लिए ले आए। इसके बाद आपने दीपक हुड्डा को 10वां ओवर दिया।

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 6 विकेट खोकर 311 रन बनाए जिसके जवाब में भारत ने 312 रन के लक्ष्य को 2 गेंदें रहते बना लिया। अक्षर पटेल ने इस मुकाबले में 40 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया और फिर बल्लेबाजी में 35 गेंदों में 64 रनों की धमाकेदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और 5 छक्के जड़े।

close whatsapp