जब द्रविड़ बन गए डेविड…, राहुल द्रविड़ ने अभिनव बिंद्रा के पॉडकास्ट में सुनाया पहले शतक का मजेदार किस्सा
राहुल द्रविड़ ने अभिनव बिंद्रा के पॉडकास्ट पर अपने से जुड़ा अनसुना किस्सा सुनाया।
अद्यतन - जुलाई 26, 2022 11:46 पूर्वाह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़, जिन्हें भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे महान क्रिकेटरों में से एक माना जाता है, उन्होंने पहले इस बारे में बात की है कि क्रिकेट के खेल से जीवन के सबक कैसे सीखे जा सकते हैं। द्रविड़, जिनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 48 शतक हैं, उन्होंने अपने जीवन का पहला शतक स्कूल में लगाया था उसी को याद करते हुए द्रविड़ ने एक किस्सा साझा किया है।
द्रविड़ वर्तमान में वेस्टइंडीज में भारतीय टीम के साथ हैं, जहां टीम इंडिया तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज में वेस्टइंडीज का सामना कर रही है और इसके बाद पांच मैचों की टी-20 सीरीज भी खेला जाना है। भारत ने वनडे सीरीज के पहले दो मैच जीते, जो काफी रोमांचक रहा। वनडे सीरीज में भारत 2 मुकाबले जीतकर अजेय बढ़त बना चुका है और अब उनकी नजरें क्लीन स्वीप पर होगी।
मुझे लगता है कि यह मेरे लिए यह अच्छा सबक था- राहुल द्रविड़
इस बीच राहुल द्रविड़ हाल ही में पूर्व ओलंपिक चैंपियन अभिनव बिंद्रा के पॉडकास्ट ‘इन द जोन’ में मेहमान बनकर आए थे। इसमें उन्होंने अपने स्कूल क्रिकेट से जुड़ा एक अनसुना किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक बार अख़बार में उनका नाम राहुल द्रविड़ की जगह राहुल डेविड लिख दिया गया था।
इसी को लेकर ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट शूटर बिंद्रा ने जब उनसे अगला सवाल पूछा तो द्रविड़ ने मजेदार जवाब दिया। उन्होंने कहा, “शायद अखबार के संपादक ने सोचा होगा कि यह स्पेलिंग मिस्टेक है और द्रविड़ नाम नहीं हो सकता, इसलिए डेविड लिख दिया गया होगा।”
राहुल द्रविड़ ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि यह मेरे लिए यह अच्छा सबक था, यह महसूस करने के लिए मैं भले ही स्कूल क्रिकेट में सेंचुरी जड़ने को लेकर काफी उत्साहित और खुश था। लेकिन, अभी भी मुझे लोग अच्छे से नहीं जानते थे। उन्हें तो मेरा नाम तक ठीक से पता नहीं। वे मेरे नाम के सही होने तक पर भरोसा भी नहीं कर सकते हैं और इसलिए इसे बदल दिया।”