BYJU’s के सह-संस्थापक ने बीसीसीआई के 86.21 करोड़ रुपये बकाया होने की खबरों को बताया फर्जी
बीसीसीआई के अधिकारियों ने झूठी खबरों को लेकर अफसोस जताया!
अद्यतन - जुलाई 27, 2022 6:03 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी के स्पांसर BYJU’s के कथित तौर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पर 86.21 करोड़ रुपये बकाया होने की खबरे हाल ही में सोशल मीडिया पर खूब चली, लेकिन अब BYJU’s की सह-संस्थापक दिव्या गोकुलनाथ ने दावा किया है कि ये खबरे पूरी तरह फर्जी है।
आपको बता दें, BYJU’s और बीसीसीआई (BCCI) ने इस साल अप्रैल में पुराने अनुबंध को आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के समापन तक बढ़ाया है। BYJU’S अपने पिछले समझौते से बीसीसीआई (BCCI) को 10% अधिक देने के लिए राजी हुआ था, जिसके चलते टीम इंडिया की जर्सी के स्पॉन्सरशिप के अधिकार के लिए उनके बीच अनुबंध में विस्तार संभव हो पाया था।
BYJU’s की सह-संस्थापक दिव्या गोकुलनाथ ने झूठी खबरे फैलाने वालो की लगाई क्लास
जिसके कुछ ही महीनो बाद खबरे आई कि BYJU’S पर बीसीसीआई (BCCI) का 86.21 करोड़ रुपये बकाया है, जिसके चलते उनकी स्पॉन्सरशिप खतरे में है। लेकिन अब दिव्या गोकुलनाथ ने इन खबरों का खंडन कर दिया है।
दिव्या गोकुलनाथ ने अपने लिंक्डइन पर लिखा: “हाल ही में कुछ विचित्र और फर्जी खबरे सामने आ रही थी कि हमने बीसीसीआई को अपना बकाया भुगतान नहीं किया है, जो उन ‘मीडिया’ संगठनों के तरह ही फर्जी है, जिन्होंने यह अफवाह फैलाई थी। आज के जमाने में जहां रिपोर्ट पहले फैला दी जाती है, और इसकी सच्चाई और सत्यापन बाद में किया जाता है, हम उम्मीद करते हैं कि कम से कम कुछ सच्चे पत्रकार बुनियादी तथ्यों की जांच करेंगे और स्वार्थी लोगों की अफवाहों और मनगढ़ंत कहानियों से प्रभावित नहीं होंगे। जैसा कि कहा जाता है, एक झूठ दुनिया भर में घूमता है, लेकिन सच कहीं न कहीं से बाहर निकल आता है। अब सच्चाई सबके सामने है।”
वहीं दूसरी ओर, बीसीसीआई (BCCI) के अधिकारियों ने कथित तौर पर अनुचित और गलत खबरों को लेकर अफसोस जताया और कहा कि BYJU’S के पास कथित राशि से कहीं ज्यादा धन है, और साथ ही पुष्टि भी की है कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड को सभी बकाया राशि का भुगतान कर दिया है।