मैं अब टीम का तीसरा या चौथा तेज गेंदबाज बनकर अपने 4 ओवर पूरे फेंक सकता हूं: वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले के बाद हार्दिक पांड्या ने कही ये बात
जब से हार्दिक पांड्या की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी हुई है तब से वो भारतीय टीम के भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक रहे हैं।
अद्यतन - Aug 3, 2022 8:18 pm

भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का गेंदबाजी में प्रदर्शन पिछला कुछ समय में काफी शानदार रहा है। अपनी शानदार बल्लेबाजी से विरोधी टीम को परेशान करने वाले पांड्या ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में अपना 50वां टी-20 विकेट हासिल किया। हार्दिक पांड्या की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने इस मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम किया और पांच मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम पावरप्ले के खत्म होने तक काफी अच्छी स्थिति में थी। उनके 6 ओवरों में 45 रन थे। मुकाबले का 8वां ओवर फेंकने आए हार्दिक पांड्या ने ब्रेंडन किंग को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने किसी भी वेस्टइंडीज बल्लेबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और अपने कुल 4 ओवरों में 19 रन देकर एक विकेट झटका।
गेंदबाजी मेरे अंदर विश्वास बढ़ाती है: हार्दिक पांड्या
जब से हार्दिक पांड्या की अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है तब से वो टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में से एक रहे हैं। बता दें, हार्दिक पांड्या ने अभी तक वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज के तीनों मुकाबलों में अपने 4 ओवर पूरे फेंकें हैं। हार्दिक पांड्या का मानना है कि वह मुकाबले में तीसरे या चौथे गेंदबाज के रूप में अपने 4 ओवर पूरे फेंक सकते हैं।
टी-20 मुकाबले के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा कि, ‘जब भी मैं गेंदबाजी करता हूं तो ये मेरे अंदर और विश्वास बढ़ा देता है। मैं अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं। मैं बस यह कहना चाहता हूं कि अब मैं अपने 4 ओवर पूरे फेंक सकता हूं और टीम के लिए तीसरा या चौथा तेज गेंदबाज बन सकता हूं, साथ ही बल्लेबाजी से भी मैं अपनी टीम के लिए योगदान देने के लिए तैयार हूं। मैंने बीच में जब ब्रेक लिया था तो यही सोचता था कि मुझे अपनी गेंदबाजी को और बेहतर करने की जरूरत है जिससे टीम थोड़ी और बैलेंस हो जाए।
मैंने जब भी जिम्मेदारी ली है मेरे खेल में और निखार आया है: हार्दिक पांड्या
IPL 2022 में पांड्या ने गुजरात टाइटंस (GT) टीम की कप्तानी की और उन्हें कप जिताने में अहम योगदान दिया। ब्रेक के बाद उनके खेल में काफी फर्क देखने को मिला है। IPL के इस संस्करण में उन्होंने सिर्फ बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी टीम को कई मुकाबलों में जीत दिलाई। रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को आयरलैंड के खिलाफ हुई सीरीज में टीम का कप्तान नियुक्त किया था और इस सीरीज में भी उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया।
हार्दिक पांड्या ने आगे कहा कि, ‘मैं हमेशा अपनी जिम्मेदारियों का मजा लेता हूं। जब भी मुझे जिम्मेदारियां मिलती हैं तब मेरे खेल में और निखार होता है क्योंकि यह मुझे ज्यादा सोचने में मदद करती है और जब मैं ज्यादा सोचता हूं तब मेरे खेल का मूल्य भी बढ़ता है।