एशिया कप 2022: BCCI ने किया टीम इंडिया का ऐलान, विराट की हुई वापसी, बुमराह हुए बाहर
एशिया कप 2022 की टीम में विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी हुई है।
अद्यतन - अगस्त 8, 2022 9:38 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी 27 अगस्त से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। टीम का नेतृत्व कप्तान रोहित शर्मा करेंगे, जबकि केएल राहुल उप-कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। जसप्रीत बुमराह (पीठ) और हर्षल पटेल (साइड स्ट्रेन) दोनों को चोटिल होने की वजह से टीम में जगह नहीं मिली है।
कोहली को हाल ही में समाप्त हुए वेस्टइंडीज दौरे के लिए आराम दिया गया था, लेकिन 33 वर्षीय एशिया कप के लिए टीम में वापस आ गए हैं। 17 जुलाई, 2022 के बाद विराट कोहली एशिया कप में पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे। इस बीच, भारत का पहला मुकाबला 28 अगस्त को होगा, जब वे अपने अभियान के पहले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेंगे।
केएल राहुल को भी मिली एशिया कप की टीम में जगह
इसके अलावा, केएल राहुल ने भी टीम में वापसी की है। वह हाल ही में कमर की चोट के कारण काफी समय के लिए एक्शन से दूर रहे थे। राहुल को वेस्टइंडीज श्रृंखला के दौरान आराम दिया गया था क्योंकि टीम मैनेजमेंट चाहती थी कि वो पूरी तरह से फिट होकर वापस लौटें। आपको बता दें कि राहुल ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के समाप्त होने के बाद कोई भी मैच नहीं खेला है।
भारतीय टीम के लिए बल्ले से लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक ने टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। एशिया कप टीम के कई खिलाड़ी इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर में होने वाले टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेंगे। इस बीच, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर को स्टैंडबाय के रूप में टीम में जगह मिली है।
एशिया कप के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार अर्शदीप सिंह, अवेश खान
स्टैंड बाय: श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, दीपक चाहर