सिकंदर रजा ने आईसीसी पुरुष वनडे खिलाड़ी रैंकिंग में हासिल की अविश्वसनीय बढ़त - क्रिकट्रैकर हिंदी

सिकंदर रजा ने आईसीसी पुरुष वनडे खिलाड़ी रैंकिंग में हासिल की अविश्वसनीय बढ़त

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर 6 स्थानों की बढ़त के साथ 19वें स्थान पर हैं।

Sikandar Raza (Photo Source: Twitter)
Sikandar Raza (Photo Source: Twitter)

जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने बांग्लादेश के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बदौलत एमआरएफ टायर्स आईसीसी पुरूष वनडे प्लेयर रैंकिंग में जबरदस्त बढ़त हासिल की है।

उन्होंने बल्ले और गेंद के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 2-0 से बढ़त हासिल करने में मदद की है। सिकंदर रजा बांग्लादेश के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में दो नाबाद शतकों के बदौलत नवीनतम आईसीसी पुरुष वनडे खिलाड़ी रैंकिंग में 10 स्थानों की छलांग लगाते हुए बल्लेबाजों की सूची में 29वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

सिकंदर रजा को उनके शानदार फॉर्म का मिला फायदा

जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर ने इन दो मैचों में चार विकेट भी चटकाएं, जिसके चलते उन्होंने गेंदबाजों की सूची में 79वें स्थान पर कब्जा कर लिया है। इसके अलावा, सिकंदर रजा ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर आईसीसी पुरुष वनडे खिलाड़ी रैंकिंग में ऑलराउंडरों की सूची में 7 स्थानों की छलांग लगाते हुए अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस बीच, बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज लिटन दास आईसीसी पुरूष वनडे प्लेयर रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में सिकंदर रजा से एक स्थान ऊपर (28 वें स्थान) हैं, जबकि तैजुल इस्लाम गेंदबाजों की सूची में 9 स्थानों की बढ़त के साथ 71वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की रीजा हेंड्रिक्स आयरलैंड के खिलाफ अपनी 74 और 42 रनों की शानदार पारियों के बदौलत बल्लेबाजों की सूची में 13वें स्थान पर अपनी जगह बना ली है।

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर 6 स्थानों की बढ़त के साथ 19वें स्थान पर हैं। रवि बिश्नोई ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों में छह विकेट लेकर 44वां स्थान हासिल करने के लिए 50 स्थानों की छलांग लगाई है, जबकि कुलदीप यादव ने एक मैच में तीन विकेट लेकर 58 स्थानों की छलांग लगाकर 87वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

close whatsapp