आगामी सीजन से दो रणजी ट्रॉफी विजेता होंगे! जानिए बीसीसीआई द्वारा किए गए बड़े बदलाव के बारे में
आगामी सीजन से दो रणजी ट्रॉफी विजेता होंगे!
अद्यतन - Aug 11, 2022 10:51 am

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 8 अगस्त को आगामी घरेलू सीजन के कार्यक्रम की घोषणा की, जहां ईरानी कप की वापसी होगी, जो आखिरी बार 2018-19 में खेला गया था। हालांकि, बीसीसीआई (BCCI) ने अगले रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए कुछ बदलाव की घोषणा की है।
एक और सफल रणजी ट्रॉफी सीजन के बाद बीसीसीआई (BCCI) ने अपने लंबे प्रारूप के प्रीमियर टूर्नामेंट के प्रारूप में कुछ बदलाव किए हैं, जिसके अनुसार आगामी सीजन में दो विजेता होंगे। आपको बता दें, मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी 2021-22 के फाइनल में मुंबई को पछाड़ कर अपना पहला रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था।
आगामी घरेलू सीजन 13 दिसंबर से शुरू होने वाला है, जबकि फाइनल 20 फरवरी, 2023 को होगा। प्रतिष्ठित दलीप ट्रॉफी आगामी घरेलू सीजन की शुरुआत करेगी, जहां 8 सितंबर से 25 सितंबर तक 6 जोन उत्तर, दक्षिण, मध्य, पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर आमने-सामने होंगे।
रणजी ट्रॉफी के नए प्रारूप के बारे में जानिए
अब तक सभी 38 घरेलू टीमें हर साल रणजी ट्रॉफी के खिताब के लिए आपस में भिड़ती थी, जहां किसी एक को ताज पहनाया जाता था, लेकिन इस साल दिसंबर से शुरू होने वाले आगामी सीजन में दो टीमों – एक एलीट समूह से और दूसरा प्लेट समूह से – को विजेता के रूप में रणजी ट्रॉफी का ताज पहनाया जाएगा।
बीसीसीआई (BCCI) ने यह फैसला नॉकआउट के दौरान प्रतिस्पर्धा में भेदभाव से बचने और टूर्नामेंट को और अधिक रोमांचक बनाने के लिए लिया है। नए प्रारूप के अनुसार, प्लेट ग्रुप की शीर्ष टीम अब प्री-क्वार्टर फाइनल मैच में एलीट ग्रुप की टीम से नहीं भिड़ेगी जैसे पहले हुआ करता था, क्योंकि प्लेट टीमों का अब से अपना टूर्नामेंट होगा।
बल्कि प्लेट ग्रुप की सभी छह टीमें एक बार फिर एक-दूसरे का सामना करेगी और उनमें से शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि दो फाइनलिस्ट को आगामी सीजन में बहुत फायदा होने वाला है, क्योंकि उन्हें अगले सीजन के लिए एलीट ग्रुप में रखा जाएगा।
एलीट ग्रुप की बात करे तो 32 प्रतिभागी टीमों को चार समूहों में विभाजित किया जाएगा, जिसमें आठ-आठ टीमें होगी। प्रत्येक टीम के अपने संबंधित ग्रुप के अन्य सभी सात विरोधियों के खिलाफ खेलने के बाद, दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी। लेकिन फिर अंको के आधार पर संयुक्त रूप से सभी चार एलीट ग्रुप की अंतिम दो टीमों को अगले सत्र में प्लेट समूह में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।