‘नियंत्रण पाने के लिए ऐसा मत करना’- ग्लेन मैक्ग्रा ने युवा उमरान मलिक को दिया खास सुझाव
इंटरनेशल क्रिकेट में अभी तक कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं उमरान मलिक।
अद्यतन - अगस्त 16, 2022 9:47 पूर्वाह्न

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने अपने हालिया इंटरव्यू में खुलासा किया है कि उन्हें वो गेंदबाज पसंद नहीं है जो अपनी गेंदबाजी में सटीकता लाने के लिए अपनी गति के साथ समझौता करते हैं। उनका मानना है कि गति किसी को सिखाई नहीं जा सकती है। उन्होंने भारत की तेज गेंदबाजी सनसनी उमरान मलिक पर भी अपने विचार साझा किए, जिन्होंने आईपीएल 2022 में अपनी तेज गति से काफी सुर्खियां बटोरी।
ग्लेन मैक्ग्रा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 949 विकेट झटके, उन्होंने अपने समय का सबसे बड़ा तेज गेंदबाज माना जाता था। 563 विकेट के साथ मैक्ग्रा तेज गेंदबाजों के बीच टेस्ट में दूसरे प्रमुख विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। महान तेज गेंदबाज ने कहा कि वह तेज गेंदबाजों को सटीकता के लिए उनकी गति को कम करने के बजाय सटीकता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करते हुए देखना पसंद करते हैं।
उमरान मलिक को मैक्ग्रा ने दिया एक स्पेशल सुझाव
Cricket.com के साथ एक इंटरव्यू में ग्लेन मैक्ग्रा ने कहा कि, “बहुत कम गेंदबाजों के पास इतनी गति के साथ गेंदबाजी करने की क्षमता होती है। आप किसी को 150 से अधिक गेंदबाजी करना नहीं सिखा सकते। कुछ खिलाड़ी स्वाभाविक रूप से ऐसा करने में सक्षम होते हैं।
जब गेंदबाज नियंत्रण पाने के लिए अपनी गति से समझौता करते हैं तो मुझे यह देखकर नफरत होती है। मैं गेंदबाजों को नियंत्रण पर कड़ी मेहनत करते हुए देखना पसंद करता हूं, अपने खेल को जानने के लिए नेट्स में समय और प्रयास करते देखना चाहता हूं। इसके साथ ही गति बनी रहनी चाहिए। क्योंकि 150 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले बहुत ही कम गेंदबाज होते हैं।”
मैक्ग्रा जो एमआरएफ पेस फाउंडेशन के निदेशक हैं, उन्होंने बताया है कि हर साल वह तीन बार भारत आते हैं और गेंदबाजों को सिखाते हैं। अपनी एकेडमी में गेंदबाजों का चयन करते समय वो तीन बातों का ध्यान विशेष रूप से रखते हैं। गेंदबाजों की लंबाई, उनकी शारीरिक मजबूती और गति के आधार पर ही उनका चयन किया जाता है।