टीम इंडिया में वापसी कर रहे दीपक चाहर को डरा रहे हैं मनिंदर सिंह
एशिया कप 2022 के लिए दीपक चाहर को स्टैंड बाय के तौर पर रखा गया है।
अद्यतन - Aug 17, 2022 9:52 am

भारतीय टीम इस वक्त तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए जिम्बाब्वे दौरे पर है। सीरीज का पहला मैच 18 अगस्त को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। एशिया कप को देखते हुए ज्यादातर सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, लेकिन सभी की निगाहें वापसी कर रहे गेंदबाज दीपक चाहर पर होंगी। पूर्व भारतीय स्पिनर मनिंदर सिंह ने आगामी सीरीज और दीपक चाहर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
दीपक चाहर को आखिरी बार फरवरी में भारतीय टीम के लिए खेलते हुए देखा गया था। उसके बाद से चोट के कारण वह पूरे आईपीएल 2022 टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। फरवरी के बाद जिम्बाब्वे सीरीज उनका पहला प्रतिस्पर्धी मैच होगा। इस बीच क्रिकेटर से कमेंटेटर बने मनिंदर सिंह ने कहा कि इतने लंबे अंतराल के बाद चाहर की वापसी उनके लिए आसान नहीं होगी।
NDTV के हवाले से मनिंदर सिंह ने कहा है कि, “हां, यह काफी लंबा ब्रेक रहा है और उन्हें चोट लगी है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करना इतना आसान नहीं है जहां चोट के कारण आपको इतना लंबा ब्रेक मिला हो। शुरुआत में उन्हें सावधानी से संभालने की आवश्यकता होगी, लेकिन मुझे यकीन है कि टीम प्रबंधन को पता होगा कि उनका इस्तेमाल कब करना है और कब नहीं। वह एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी है, लेकिन इतनी लंबी चोट के बाद वापसी करना आसान नहीं होगा।”
विराट कोहली को लेकर मनिंदर सिंह की राय
वहीं जब मनिंदर सिंह से ये पूछा गया कि विराट कोहली को इस सीरीज से रेस्ट लेना चाहिए था या नहीं तो इस पर भी उन्होंने अपनी राय रखी। मनिंदर ने कहा कि खिलाड़ियों को चयनकर्ताओं के साथ स्पष्ट बात करना चाहिए और आराम के उनके अनुरोध का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कोहली एक महान खिलाड़ी हैं और अपनी अविश्वसनीय मानसिक शक्ति के साथ वह मजबूत वापसी करेंगे।
उन्होंने कहा कि, “मुझे यकीन है कि चयनकर्ताओं और विराट कोहली के बीच एक संवाद रहा होगा। वह इतने शानदार खिलाड़ी हैं, इतने महान खिलाड़ी हैं। जहां तक मानसिक शक्ति का सवाल है, जो कि जब आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे होते हैं तो सबसे महत्वपूर्ण घटक होता है, इसमें कोई शक नहीं कि विराट कोहली मानसिक रूप से काफी मजबूत और शारीरिक रूप से काफी फिट हैं।”