14 साल पहले वनडे में डेब्यू करने वाले कोहली, आज तरस रहे हैं ‘विराट’ स्कोर के लिए
साल 2008 में आज ही के दिन विराट कोहली ने किया था इंटरनेशल क्रिकेट में डेब्यू।
अद्यतन - अगस्त 18, 2022 1:04 अपराह्न

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए 18 अगस्त का दिन बेहद ही खास है। विराट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 14 साल पूरे कर लिए हैं। 19 साल के युवा कोहली ने साल 2008 में आज ही के दिन श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू किया था और उसके बाद से उन्होंने इस फॉर्मेट में कई रिकार्ड्स अपने नाम किए हैं। अपने वनडे डेब्यू को याद करते हुए, भारत के पूर्व कप्तान ने 18 अगस्त को एक खास वीडियो साझा किया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोहली की उपलब्धियों की बात करें तो दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 70 शतक लगाए हैं और खेल के तीनों प्रारूपों में कुल मिलाकर उन्होंने 23,726 रन बनाए हैं। उन्हें 57 बार प्लेयर ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया है। वहीं 19 सीरीज में उन्हें प्लयेर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला है।
कोहली को एक बार ICC मेन्स क्रिकेटर ऑफ़ द डिकेड और दो बार ICC क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर के रूप में नामित किया गया है। इसके अलावा उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्म श्री और खेल रत्न पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
इस बीच दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक छोटा वीडियो साझा किया और इस क्लिप कोहली के क्रिकेट करियर के कुछ यादगार पलों को दिखाया गया है जिसमें 2011 विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी की जीत शामिल है। इंस्टाग्राम पर इस पोस्ट को 1,00,000 से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।
यहां देखिए विराट कोहली का वो पोस्ट
विराट का हालिया फॉर्म है बेहद ही खराब
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट का हालिया फॉर्म काफी खराब है। साल 2019 के बाद से उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला है। उनके फॉर्म को देखते हुए कई फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट ने टीम में उनके जगह को लेकर भी सवाल उठाये हैं।
कोहली ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। उसके बाद से वह वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुए दौरे में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। 33 वर्षीय कोहली जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी एकदिवसीय श्रृंखला का भी हिस्सा नहीं हैं। अब वो 2022 टी-20 एशिया कप में भारतीय टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।