एशिया कप 2022: मुंबई एयरपोर्ट पर अकेले दिखे विराट कोहली, यूएई के लिए हुए रवाना
पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2022 में विराट कोहली अपना 100वां टी-20 मुकाबला खेलेंगे।
अद्यतन - अगस्त 22, 2022 8:42 अपराह्न

एशिया कप 2022 को शुरू होने में महज 5 दिन बाकी रह गए हैं। तमाम प्रशंसक इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दोनों ही टीमों के खिलाड़ी इस मुकाबले के लिए जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कप्तान 22 अगस्त को एशिया कप के लिए यूएई रवाना हुए।
दरअसल विराट कोहली को मुंबई एयरपोर्ट पर व्हाइट टी शर्ट और ब्लैक ट्राउजर पहने हुए देखा गया। उनके आस-पास सिक्योरिटी गार्ड्स को भी देखा गया जो उनकी सुरक्षा के लिए तैनात किए गए थे और साथ ही ऐसा इसलिए भी किया गया ताकि तमाम लोग उनसे मिलने के लिए एयरपोर्ट पर इकट्ठा न हो जाएं।
इससे पहले हाल ही में विराट कोहली को अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ दो मुंबई की सड़कों पर स्कूटर की सवारी करते हुए देखा गया था। उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुआ था। उन्होंने हाल ही में अपने ट्रेनिंग सेशन की भी वीडियो पोस्ट की।
मुंबई एयरपोर्ट पर विराट कोहली का वीडियो
विराट कोहली के फॉर्म की बात की जाए तो पिछले कुछ समय से उनका फॉर्म काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक 2019 में जड़ा था। कोहली को पहले वेस्टइंडीज और फिर जिंबाब्वे दौरे के लिए आराम दिया गया। अब वो सीधे एशिया कप में खेलते हुए नजर आएंगे। कोहली के ऊपर भी अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा।
हालांकि विराट कोहली ने पहले भी कई अहम मुकाबलों में भारतीय टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्हें एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन करना होगा। सिर्फ एशिया कप में ही नहीं बल्कि आगामी वर्ल्ड कप 2022 में भी सभी की निगाहें विराट कोहली पर रहेंगी। विराट कोहली ने अभी तक 99 टी-20 मुकाबलों में 50 से अधिक की औसत और 137.6 के स्ट्राइक रेट से 3308 रन बनाए हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2022 में विराट कोहली अपना 100वां टी-20 मुकाबला खेलेंगे। बता दें, भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और पकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी इस टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।