बांग्लादेश अक्टूबर में करेगा महिला एशिया कप 2022 की मेजबानी; सात टीमें खिताब के लिए लड़ेगी - क्रिकट्रैकर हिंदी

बांग्लादेश अक्टूबर में करेगा महिला एशिया कप 2022 की मेजबानी; सात टीमें खिताब के लिए लड़ेगी

महिला एशिया कप का आयोजन अंतिम बार साल 2018 में हुआ था, तब बांग्लादेश ने भारत को फाइनल में हराकर खिताब जीता था।

Bangladesh Women. (Photo source: Twitter)
Bangladesh Women. (Photo source: Twitter)

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने तीन साल बाद इस साल के अंत में होने वाले महिला एशिया कप की वापसी की पुष्टि की है। हालांकि, एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने अभी तक महिला एशिया कप 2022 के लिए तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन बीसीबी (BCB) के एक अधिकारी ने दावा किया कि महिला T20I टूर्नामेंट 1-16 अक्टूबर तक बांग्लादेश के सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक, महिला एशिया कप 2022 में कुल सात टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, थाईलैंड, मलेशिया, यूएई और मेजबान बांग्लादेश शामिल है। इस T20I टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में 2022 महिला टी-20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर के सितंबर के अंतिम सप्ताह में समाप्त होने के बाद किया जाना है।

बांग्लादेश में हो रही है अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट की वापसी

खबरों के अनुसार, सभी टीमें 27 सितंबर और 28 सितंबर को महिला एशिया कप 2022 के लिए बांग्लादेश पहुंचेंगी। इस टूर्नामेंट के साथ बांग्लादेश में महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी होगी, क्योंकि उन्होंने अक्टूबर 2018 में पाकिस्तान दौरे के बाद से किसी भी टीम की मेजबानी नहीं की है।

इसके अलावा, सिलहट टी-20 वर्ल्ड कप 2014 के बाद पहली बार किसी महिला अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी करेगा। आपको बता दें, बांग्लादेश साल 2024 में आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप की भी मेजबानी करेगा।

बीसीबी महिला समिति की अध्यक्ष शफीउल आलम चौधरी नडेल ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा: “सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम हवाई अड्डे और होटल से सबसे निकट है, जहां सात टीमों के ठहरने की उम्मीद है, इसलिए यह बीसीबी के लिए सबसे अच्छा विकल्प है। हम सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के ग्राउंड 1 में महिला एशिया कप के मैचों की मेजबानी करना चाहते हैं, और ग्राउंड 2 में टीमें प्रशिक्षण करेगी।

एक मेजबान राष्ट्र के रूप में बांग्लादेश ने अतीत में कई प्रमुख पुरुष और महिला प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया हैं। इस साल, हम पहली बार अपने देश में एशियाई क्रिकेट परिषद के महिला एशिया कप का आयोजन करने का अवसर पाकर बहुत खुश हैं, खासकर सिलहट के लिए यह बहुत खास, जिसने साल 2014 में पुरुष और महिला दोनों टी-20 वर्ल्ड कप के मैचों का आयोजन किया था।”

close whatsapp