क्या शुभमन गिल वनडे टीम में शिखर धवन की जगह ले सकते हैं? जानिए स्कॉट स्टायरिस की राय - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या शुभमन गिल वनडे टीम में शिखर धवन की जगह ले सकते हैं? जानिए स्कॉट स्टायरिस की राय

अगर शुभमन गिल और रोहित शर्मा ओपनिंग करते हैं, तो शिखर धवन को अपनी जगह से हाथ धोना पड़ सकता है।

Scott Styris, Shikhar Dhawan and Shubman Gill (Image Source: Twitter)
Scott Styris, Shikhar Dhawan and Shubman Gill (Image Source: Twitter)

शिखर धवन और शुभमन गिल की जोड़ी वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए एक बेहतरीन ओपनिंग जोड़ी बनकर उभरी है। उन्होंने वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज के दौरान शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन अगर शुभमन गिल और रोहित शर्मा ओपनिंग करते हैं, तो शिखर धवन को अपनी जगह से हाथ धोना पड़ सकता है।

हालांकि, न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर स्कॉट स्टायरिस के पास इस समस्या का समाधान है। क्रिकेट पंडित का मानना है कि शुभमन गिल सलामी बल्लेबाज के रूप में शिखर धवन की जगह लेने के बजाय भारत के लिए वनडे क्रिकेट में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं।

शुभमन गिल अपने प्रदर्शन से शिखर धवन पर दबाव बना रहे हैं: स्कॉट स्टायरिस

स्कॉट स्टायरिस ने स्पोर्ट्स 18 के शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ पर बातचीत के दौरान कहा जब उनसे पूछा गया कि क्या शुभमन गिल भारत की वनडे टीम में शिखर धवन की जगह ले सकते हैं: “यह बेहद कठिन सवाल है, क्योंकि भारत के पास इस समय चार या पांच ऐसे खिलाड़ी हैं, जो सभी ओपनिंग करते हुए शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। शायद शुभमन गिल को मुख्य टीम में सलामी बल्लेबाज के तौर पर आने में थोड़ा समय बाकी है। उन्होंने नंबर तीन पर भी अच्छा प्रदर्शन किया हैं, इसलिए मुझे लगता है कि यह स्थान उनके लिए फिट बैठता है।

अब आपके पास ढेर सारे सवाल हैं, जैसे क्या आप केवल उस समय सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में रहने वाले खिलाड़ी को चुनते हैं, या उन्होंने अतीत में जो कुछ भी किया है, वह मायने रखता है, या फिर उनका आईसीसी प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन कैसा रहा, ये मायने रखता है? चयन के लिए ये सारी बातें ध्यान में रखी जाती है। मुझे लगता है कि शुभमन गिल का इस भारतीय टीम में बड़ा भविष्य है, और वह अपने प्रदर्शन से शिखर धवन पर दबाव बना रहे हैं।”

उन्होंने अंत में कहा: “लेकिन मुझे अब भी लगता है कि भारत बाएं-हाथ के विकल्प को चुनना पसंद करेंगे, क्योंकि उनके पास बहुत से शीर्ष क्रम के बाएं-हाथ के बल्लेबाज नहीं हैं, जो बड़े मंच पर मंझा खिलाड़ी है, इसलिए शिखर धवन का सलामी बल्लेबाज के रूप में टीम में बना रहना तय है।”

 

close whatsapp