टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए स्टैंडिंग रूम टिकट 25 अगस्त को जारी किए जाएंगे
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का आगाज 16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में होने जा रहा है।
अद्यतन - अगस्त 25, 2022 10:24 पूर्वाह्न

आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मैच 23 अक्टूबर को मेलबर्न के प्रतिष्ठित मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेला जाएगा, जिसके लिए टिकटों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इस मैच के लिए स्टैंडिंग रूम के टिकट 25 अगस्त को जारी किए जाएंगे।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए 4,000 से अधिक स्टैंडिंग रूम टिकट और सीमित संख्या में अतिरिक्त सीट आवंटन 25 अगस्त से t20worldcup.com पर पाकिस्तान समयनुसार 07H00 बजे/ भारतीय समयनुसार 07H30 बजे /12h00 AEST पर जारी किए जाएंगे।
एक तरफ जहां स्टैंडिंग रूम की एक टिकट 30 डॉलर में उपलब्ध होगी और ये टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बेचे जाएंगे, वहीं अतिरिक्त टिकटों की अत्यधिक मांग के कारण सभी प्रशंसकों को पहले ही अपना टी-20 वर्ल्ड कप टिकट खाता बनाने के लिए कहा गया है।
आईसीसी एक आधिकारिक री-सेल प्लेटफॉर्म लॉन्च करेगा
आपको बता दें, सामान्य टिकट आवंटन प्रक्रिया के दौरान, इस साल फरवरी में टिकटों की बिक्री शुरू होने के पांच मिनट के भीतर सभी टिकट बिक गए। हालांकि, आईसीसी हॉस्पिटैलिटी और आईसीसी ट्रैवल एंड टूर्स कार्यक्रमों के माध्यम से सीमित संख्या में पैकेज दर्शकों के लिए अभी भी उपलब्ध हैं।
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 का आगाज 16 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में होने जा रहा है, और आईसीसी पहले मैच के शुरू होने से पहले एक आधिकारिक री-सेल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च करेगा। आईसीसी ने कहा प्रशंसकों को केवल आधिकारिक टिकटिंग साइट t20worldcup.com के माध्यम से ही टिकट खरीदने चाहिए, क्योंकि अनधिकृत चैनलों के माध्यम से टिकट खरीदने पर उनके टिकट की कोई गारंटी नहीं होगी।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच के लिए टिकट नहीं मिल पाने पर दर्शकों को निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि वे अभी भी अन्य टी-20 वर्ल्ड कप 2022 मैचों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों को देखने के लिए टिकट बुक कर सकते हैं, जहां बच्चों के टिकट केवल 5 डॉलर से शुरू होते हैं और वयस्क के टिकट 20 डॉलर से शुरू होते हैं। आपको बता दें, 13 नवंबर को एमसीजी में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के टिकट अभी भी खरीद के लिए उपलब्ध हैं।