पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले केएल राहुल को लेकर दानिश कनेरिया ने दिया बेतुका बयान
केएल राहुल की जगह संजू सैमसन को एशिया कप में मौका मिलना चाहिए था: दानिश कनेरिया
अद्यतन - अगस्त 27, 2022 1:49 अपराह्न

पाकिस्तान टीम के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया का मानना है कि टी-20 एशिया कप 2022 के भारतीय स्क्वॉड में केएल राहुल की जगह विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में शामिल किया जाना चाहिए था। उनके मुताबिक केएल राहुल अभी-अभी चोट से उबरे हैं और उन्हें भारतीय टीम में वापसी करने के लिए थोड़ा और समय देना चाहिए था।
बता दें, चोट और कोविड-19 से उबरने के बाद केएल राहुल ने हाल ही में समाप्त हुई जिंबाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम में वापसी की। इससे पहले उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL) में खेलते हुए देखा गया था। जिंबाब्वे के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में केएल राहुल ने 30 रनों की पारी खेली थी।
अगर टूर्नामेंट की बात की जाए तो भारत अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेलेगा। दोनों ही देशों के फैंस इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें, इस साल यह केएल राहुल का पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला होगा।
केएल राहुल को थोड़ा और समय देना चाहिए था: दानिश कनेरिया
दानिश कनेरिया ने क्रिकेटनेक्स्ट.कॉम के हवाले से कहा कि, ‘केएल राहुल ने बड़ी चोट से उबरने के बाद वापसी की। उन्होंने पहले जिंबाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज खेली और फिर उन्हें बहुत ही जल्द एशिया कप स्क्वॉड में शामिल किया गया। भारत के पास संजू सैमसन का भी विकल्प था जो इस समय काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वह काफी शानदार खिलाड़ी है और हाल ही में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया है।
भारतीय टीम की ओर से सैमसन को लगातार मौके नहीं मिले हैं। वो कभी टीम के अंदर होते हैं तो कभी बाहर। उन्हें अब इतने मौके इसलिए मिल रहे हैं क्योंकि राहुल द्रविड़ उनके बारे में जानते है कि वो कितने शानदार खिलाड़ी हैं।
ऐसे मामले में, संजू सैमसन को एशिया कप में मौका मिलना चाहिए था और केएल राहुल को ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में फोकस करने के लिए थोड़ा और समय देना चाहिए था। ऑस्ट्रेलिया में इस तरीके की पिच है जहां राहुल को खेलने में काफी मजा आएगा।