शादाब खान ने एशिया कप 2022 को लेकर अपने अहम लक्ष्य का किया खुलासा; भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर भी बात की - क्रिकट्रैकर हिंदी

शादाब खान ने एशिया कप 2022 को लेकर अपने अहम लक्ष्य का किया खुलासा; भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर भी बात की

शादाब खान ने भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले टीम के माहौल के बारे में बात की।

Shadab Khan (Image Source: PCB Twitter Screengrab)
Shadab Khan (Image Source: PCB Twitter Screengrab)

आगामी एशिया कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को अब केवल एक दिन शेष रह गया है, और इस समय दोनों टीमों के खिलाड़ियों का मुख्य उद्देश्य अपनी-अपनी टीम के लिए अपना बेस्ट देना और यह मुकाबला जीतना है, क्योंकि इस मैच को लेकर दोनों देशों के फैंस की भावनाएं जुड़ी होती है।

एक तरफ  टीम इंडिया पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के हाथों मिली दस विकेट की हार का बदला लेना चाहेगी, वहीं बाबर आजम की टीम 28 अगस्त को दुबई का पिछला  इतिहास दोहराना चाहेगी।

इस मुकाबले के लिए न केवल फैंस, बल्कि दोनों देशों के खिलाड़ी भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, और पाकिस्तान के ऑलराउंडर और उप-कप्तान शादाब खान ने कहा कि उनका लक्ष्य न केवल आगामी एशिया कप 2022 जीतना है, बल्कि वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी जीतना चाहते हैं।

भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बारे में हम ज्यादा नहीं सोच रहे हैं: शादाब खान

पीसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, शादाब खान ने कहा: “मैं, व्यक्तिगत रूप से, आगामी एशिया कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनना चाहता हूं। मैं जानता हूं कि यह कहना बहुत आसान है, लेकिन इसे हासिल करना उतना ही मुश्किल है।  लेकिन जहां चाह है, वहां राह भी है, और कोशिश करने वालो की हार नहीं होती। मैं अपना श्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं, और मुझे विश्वास है कि मेरा परिश्रम मुझे सफलताओं और उपलब्धियों से पुरस्कृत करेगा। यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात होगी अगर मैं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीतने के अपने सपनों को साकार कर पाया, लेकिन इससे भी बड़ा और मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान के लिए एशिया कप जीतना है।”

चूंकि भारत बनाम पाकिस्तान मैच के दबाव दोनों ओर है, शादाब खान ने कहा: “हर मैच की तरह कल का मैच भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह बाकी मैचों के लिए टोन सेट करेगा। लेकिन हम इस मैच को लेकर ज्यादा बात नहीं कर रहे हैं, और ना ही सोच रहे हैं, क्योंकि इस रणनीति ने हमें पिछले साल सफलता दिलाई थी। हमारे ड्रेसिंग रूम का माहौल शांत और तनावमुक्त है। हम चीजों को सरल और आसान रखने की कोशिश कर रहे हैं।”

close whatsapp