भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद रवि शास्त्री ने की हार्दिक पांड्या की जमकर तारीफ
हार्दिक पांड्या पाकिस्तान के खिलाफ उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अद्यतन - अगस्त 29, 2022 6:05 अपराह्न

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2022 के रोमांचक मुकाबले में अपने कारनामें के बाद चर्चा में छाए हुए हैं, फैंस से लेकर क्रिकेट बिरादरी, सभी की जुबां पर उन्ही का नाम है।
आपको बता दें, 28-वर्षीय ऑलराउंडर ने पहले अपने चार ओवरों के कोटे में 25 रन लुटाते हुए मोहम्मद रिजवान, इफ्तिखार अहमद और खुशदिल शाह को पवेलियन चलता किया, और फिर 17 गेंदों में नाबाद 33 रनों की पारी खेल टीम इंडिया को इस रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को पांच विकेट से मात देने में अहम भूमिका निभाई।
रवि शास्त्री ने हार्दिक पांड्या को बताया दुनिया का सर्वश्रेष्ठ T20I ऑलराउंडर
इस बीच, पाकिस्तान पर भारत की रोमांचक जीत के बाद, भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री लाखों लोगों की तरह ट्विटर का सहारा लेते हुए 28 अगस्त को दुबई में हार्दिक पांड्या के जबरदस्त प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने पांड्या को इस समय दुनिया का सर्वश्रेष्ठ T20I ऑलराउंडर बताया और साथ ही भारत को सफलतापूर्वक पाकिस्तान के खिलाफ 148 रनों का पीछा करने में मदद करने के लिए भी उनकी तारीफ की।
रवि शास्त्री ने ट्विटर पर हार्दिक पांड्या की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा: “भारत को जीत की रेखा तक पहुंचाने के लिए एक सर्वश्रेष्ठ टी-20 ऑलराउंडर की जरूरत थी, और वो आप हैं हार्दिक पांड्या।”
Needed the best T20 all-rounder in the business to power India across the finish line – @hardikpandya7 🇮🇳🙌🏻 pic.twitter.com/78zXFF3Ctm
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) August 29, 2022
आपको बता दें, पूर्व कोच ने हाल ही में कहा था, “हार्दिक पांड्या भारतीय टीम के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक है। अगर आप उसे टीम से बाहर कर देते हैं, तो आपकी टीम का संतुलन पूरी तरह से बिगड़ जाता है, आप ये तय नहीं कर पाते हैं कि आपको एक अतिरिक्त बल्लेबाज या एक अतिरिक्त गेंदबाज चुनना चाहिए। हमें पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में उनकी गेंदबाजी की कमी बहुत खली। हार्दिक के बतौर ऑलराउंडर खेलने से बहुत बड़ा फर्क पड़ता है। वह इस टीम का एक अभिन्न हिस्सा है, और इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है।”