विराट कोहली और रोहित शर्मा ने दिव्यांग श्रीलंकाई प्रशंसक से मुलाकात कर जीता सबका दिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने दिव्यांग श्रीलंकाई प्रशंसक से मुलाकात कर जीता सबका दिल

गयान सेनानायके ने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी के रिसेप्शन में भी शिरकत की थी।

Virat Kohli and Rohit Sharma with Gayan Senanayake (Image Source: Twitter)
Virat Kohli and Rohit Sharma with Gayan Senanayake (Image Source: Twitter)

भारत ने अपने एशिया कप 2022 अभियान की शुरुआत 28 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट की जीत के साथ की। इस रोमांचक जीत के एक दिन बाद, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने दुबई में श्रीलंका के सुपर फैन गयान सेनानायके से मुलाकात कर सभी का दिल जीत लिया।

पाकिस्तान के खिलाफ उच्च दबाव वाले मैच के बाद, भारतीय खिलाड़ियों ने अगला दिन आराम से बिताया। लेकिन इस दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अपने कीमती समय में से थोड़ा सा समय निकाल कर दिव्यांग श्रीलंकाई प्रशंसक गयान सेनानायके से मिलने का फैसला किया।

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने दुबई में दिव्यांग श्रीलंकाई प्रशंसक से मुलाकात की

भारत के दो दिग्गजों ने 29 अगस्त को दुबई में गयान सेनानायके से मुलाकात कर न केवल दिव्यांग श्रीलंकाई प्रशंसक का दिन बना दिया, बल्कि अपने इस दिल जीत लेने वाले कदम से उन्होंने एक बार फिर सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के दिल में अपनी इज्जत और बढ़ा दी।

प्रसिद्ध श्रीलंकाई समर्थक ने ट्विटर पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए भारतीय दिग्गजों से मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कैप्शन में लिखा: “आज रोहित और विराट से मुलाकात की।” यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गई, जिसे दुनिया भर के फैंस से प्यार मिला, और साथ ही सभी ने भारतीय दिग्गजों की उनके इस कदम के लिए सराहना भी की।

https://twitter.com/GayanSenanayke/status/1564230238477107200?

आपको बता दें, इस श्रीलंकाई क्रिकेट फैन ने मुंबई में विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा की शादी के रिसेप्शन में भी शिरकत की थी। सेनानायके एक लोकप्रिय क्रिकेट प्रशंसक हैं और श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए उनका प्यार जगजाहिर है। वह इस समय एशिया कप 2022 में श्रीलंका टीम का समर्थन करने के लिए यूएई में हैं।

बता दें, टीम इंडिया का एशिया कप 2022 में अगला मुकाबला 31 अगस्त को दुबई में हांगकांग के साथ है, जबकि श्रीलंका अपने दूसरे मैच में 1 सितम्बर को बांग्लादेश से भिड़ेगी।

close whatsapp