हांगकांग के खिलाफ मैच में युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ना चाहते थे सूर्यकुमार यादव!
हांगकांग के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने लगाया अर्धशतक।
अद्यतन - Sep 2, 2022 12:57 pm

भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने हांगकांग के खिलाफ अपनी शानदार पारी के बाद फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार यादव का इंटरव्यू लिया। मुकाबले में यादव ने हांगकांग के गेंदबाजों की खूब धुनाई की और सिर्फ 26 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाए। सूर्या ने विराट के साथ मिलकर 98 रनों की मैच विनिंग साझेदारी की। मैच के बाद कोहली ने यादव का इंटरव्यू लिया और उनकी आक्रामक पारी और मानसिकता के बारे में बात की।
इस दौरान पूर्व भारतीय कप्तान ने सूर्या के 6 छक्के वाले प्लान के बारे में पूछा। सूर्यकुमार यादव से विराट कोहली ने पूछा कि आपने आखिरी ओवर में 4 छक्के जड़े, क्या आप सोच रहे थे कि 6 छक्के मार सकते हैं और ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं? इसके जवाब में सूर्या ने कहा, “मैं अपना बेस्ट देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन युवी पा के करीब नहीं जा सका।”
विराट ने युवराज सिंह के 6 छक्कों को लेकर कहा कि, “वो जादुई ओवर था। स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ जड़ना शानदार था।” आपको बता दें कि, युवराज सिंह ने टी-20 वर्ल्ड कप 2007 के मैच में लगातार 6 गेंदों में 6 छक्के लगाए थे। उनके अलावा कायरन पोलार्ड ने भी टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 छक्के जड़े हैं।
यहां देखिए सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली का वो इंटरव्यू
Of two stellar knocks, a dominating partnership, mutual admirations & much more 💥👌
𝐃𝐨 𝐍𝐨𝐭 𝐌𝐢𝐬𝐬 – Half-centurions @imVkohli & @surya_14kumar chat up after #TeamIndia's win against Hong Kong 👍 – by @ameyatilak
Full interview📽️👇 #AsiaCup2022 https://t.co/Hyle2h3UBQ pic.twitter.com/39Ol62g2Qf
— BCCI (@BCCI) September 1, 2022
दरअसल, हांगकांग के खिलाफ मैच में 20वें ओवर के दौरान एक समय ऐसा आया जहां सभी को लगा कि सूर्या आज 6 गेंदों में 6 छक्के लगाने वाला कारनामा कर सकते हैं। उन्होंने उस ओवर में हांगकांग के तेज गेंदबाज हरून अरशद की पहली तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़े थे। हालांकि, चौथी गेंद डॉट बॉल रही और फिर पांचवीं पर भी सूर्या ने छक्का जड़ा।
एशिया कप के सुपर 4 में पहुंचा भारत
पाकिस्तान और हांगकांग पर शानदार जीत के साथ भारत एशिया कप के सुपर-4 में पहुंच चुका है। दोनों मैचों में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही। अब भारत रविवार (4 सितंबर) को सुपर 4 स्टेज के पहले मैच में हांगकांग और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच के विजेता टीम से भिड़ेगा।