पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद अब अर्शदीप सिंह को मिला उनके कोच का साथ - क्रिकट्रैकर हिंदी

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के बाद अब अर्शदीप सिंह को मिला उनके कोच का साथ

मैं सभी लोगों से यही गुजारिश करना चाहूंगा कि खेल को जुनून के साथ देखें और खिलाड़ियों की आलोचना ना करें: अर्शदीप सिंह के कोच जसवंत राय

Indian pacer Arshdeep Singh in action. (Photo Source: Twitter)
Indian pacer Arshdeep Singh in action. (Photo Source: Twitter)

भारत के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा चुके सुपर 4 मुकाबले के बाद से सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने इस मैच के महत्वपूर्ण समय में आसिफ अली का बेहद आसान कैच छोड़ दिया था।

हालांकि उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की लेकिन फिर भी भारतीय प्रशंसक एक कैच को छोड़ने के लिए उनकी आलोचना कर रहे हैं। बता दें, उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 3.5 ओवर में 27 रन देकर आसिफ अली का विकेट झटका।

पाकिस्तान को जीत के लिए आखिरी ओवर में 7 रन की दरकार थी और ऐसे में भारतीय टीम की ओर से गेंदबाजी करने आए अर्शदीप सिंह। उन्होंने शुरुआती 4 गेंदों में मात्र 5 रन देकर आसिफ अली का विकेट झटका। हालांकि पांचवी गेंद पर इफ्तिखार अहमद ने 2 रन लेकर पाकिस्तान को जीत दर्ज करवाई।

इसी के साथ अर्शदीप सिंह के गेंदबाज कोच जसवंत राय ने उनका बचाव करते हुए कहा है कि कैच ड्रॉप होना खेल का ही एक हिस्सा है और प्रशंसकों को उन्हें ट्रोल नहीं करना चाहिए।।

जसवंत राय ने इंडिया टुडे से कहा कि, ‘मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि ऐसा भी कुछ होगा। उन्हें कैच छोड़ने के लिए ट्रोल नहीं करना चाहिए। यह खेल का ही एक हिस्सा है और इस कैच को छोड़ने के बावजूद भी भारतीय टीम इस मुकाबले को जीत सकती थी। पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने जिस तरह खेला वह काफी सराहनीय था। मैं सभी लोगों से यही गुजारिश करना चाहूंगा कि खेल को जुनून के साथ देखें और खिलाड़ियों की आलोचना ना करें।

अगले मुकाबले में वो जबरदस्त वापसी करेंगे: जसवंत राय

ग्रुप स्टेज मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट चटकाए थे और उन्होंने अभी तक 9 टी-20 मुकाबलों में 13 विकेट हासिल किए हैं। कोच ने यह भी कहा कि यह वही लोग हैं जिन्होंने युवा खिलाड़ी की ओपनिंग मैच में प्रशंसा की थी।

उन्होंने आगे कहा कि, ‘भारत में लोग क्रिकेट को लेकर काफी भावुक होते हैं, खासतौर पर तब जब मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ हो। जीतना और हारना खेल का ही एक हिस्सा है। जिन लोगों ने अर्शदीप सिंह की ओपनिंग मुकाबले में तारीफ की थी वही लोग आज उनकी आलोचना कर रहे हैं। ड्रॉप कैच को मुद्दा बनाना काफी गलत बात है। वो अभी भी काफी युवा है और उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि लोग उनके बारे में क्या बोल रहे हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि अगले मुकाबले में वो जबरदस्त वापसी करेंगे।’

close whatsapp