एशिया कप 2022: पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिनेश कार्तिक ने की गेंदबाजी, 18 रन दिए - क्रिकट्रैकर हिंदी

एशिया कप 2022: पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिनेश कार्तिक ने की गेंदबाजी, 18 रन दिए

अफगानिस्तान टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 120 रन चाहिए थे और कप्तान केएल राहुल ने गेंदबाजी का जिम्मा दिनेश कार्तिक को दिया, जिन्होंने अपने ओवर में 18 रन दिए।

dinesh karthik bowling against afghanistan (pic source- twitter)
dinesh karthik bowling against afghanistan (pic source- twitter)

8 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2022 के सुपर 4 मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 101 रन से मात दी। हालांकि इस जीत के बावजूद भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाई। ऐसा इसलिए क्योंकि टीम अपने सुपर 4 के शुरुआती दो मुकाबले हार गई थी।

हालांकि इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए खुशी की बात यह रही कि विराट कोहली ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक जड़ा। सभी प्रारूपों में यह है उनका 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक था। वहीं दूसरी ओर भुवनेश्वर कुमार ने इस मैच में 4 रन देकर 5 विकेट झटके। इस मुकाबले में एक चीज और देखने को मिली और वो थी दिनेश कार्तिक की गेंदबाजी।

बता दें, दिनेश कार्तिक ने इससे पहले कभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी नहीं की थी। अफगान टीम 19 ओवर के खत्म होने के बाद 8 विकेट खोकर 93 रन पर थी। टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 120 रन चाहिए थे और कप्तान केएल राहुल ने गेंदबाजी का जिम्मा दिनेश कार्तिक को दिया जिन्होंने अपने ओवर में 18 रन दिए।

सभी खिलाड़ियों समेत तमाम दर्शकों ने इस ओवर का भरपूर लुत्फ उठाया। अफगानिस्तान के बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने इस ओवर में 2 छक्के जड़े। उन्होंने इसी ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया।

विराट कोहली ने जड़ा अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक

इससे पहले कार्तिक ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 120 गेंदें फेंकी हैं, वहीं टी-20 क्रिकेट में 12 गेंदों में 1 विकेट अपने नाम किया है। इस मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा को आराम दिया गया था और टीम की कप्तानी केएल राहुल को मिली थी।

विराट कोहली की बात की जाए तो उन्होंने 1020 दिनों के बाद अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा है। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक है। तमाम प्रशंसक इस बात से काफी खुश हैं कि विराट कोहली वापस अपने फॉर्म में आ गए हैं। विराट कोहली ने अपनी 61 गेंदों में 122* रन की पारी में 12 चौके और 6 छक्के जड़े थे।

विराट कोहली के अलावा केएल राहुल ने इस मुकाबले में 41 गेंदों में 62 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के जड़े।

close whatsapp