लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022: क्रिकेट मैदान पर वापसी करने को तैयार गौतम गंभीर - क्रिकट्रैकर हिंदी

लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022: क्रिकेट मैदान पर वापसी करने को तैयार गौतम गंभीर

इंडिया कैपिटल्स की कप्तानी का जिम्मा गौतम गंभीर को मिला है।

Gautam Gambhir
Gautam Gambhir. (Photo Source: Twitter)

लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) का खास मुकाबला 16 सितंबर को कोलकाता में खेला जा चुका है, अब इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला आज यानी 17 सितंबर को इंडिया कैपिटल्स (IC) और गुजरात जायंट्स (GG) के बीच में खेला जाएगा। इंडिया कैपिटल्स की कप्तानी का जिम्मा गौतम गंभीर को मिला है वहीं गुजरात जायंट्स की कप्तानी वीरेंद्र सहवाग कर रहे हैं।

गौतम गंभीर की क्रिकेट मैदान पर काफी लंबे समय बाद वापसी हो रही है। तमाम प्रशंसक उन्हें एक बार फिर से खेलते हुए देखना चाह रहे हैं। इसी के साथ गौतम गंभीर ने भी क्रिकेट मैदान पर वापस उतरने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

इंडिया कैपिटल्स के सोशल मीडिया पर एक वीडियो रिलीज हुआ है जिसमें गौतम गंभीर कह रहे हैं कि, ‘मैं काफी घबराया हुआ हूं। इतना बेचैन मैं तब भी नहीं था जब मैंने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। दरअसल मैंने काफी लंबे समय से क्रिकेट नहीं खेला है इसलिए मुझे समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या होगा।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘लेकिन मैं काफी उत्साहित हूं क्योंकि मैंने ऐसा बहुत पहले किया था। यह हमेशा खास बात होती है कि आप क्रिकेट मैदान पर वापसी कर रहे हैं और उन्हीं खिलाड़ियों के साथ खेल रहे हैं जिनके साथ आपने पहले भी खेला हुआ है।

यह सच में काफी रोमांचक होने वाला है, लेकिन साथ ही इसमें थोड़ी मुश्किलें भी देखने को मिलेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि मैंने काफी समय से कप्तानी नहीं की है लेकिन इन मुश्किलों का सामना करने के लिए मैं पूरी तरह से तैयार हूं। हमारी टीम में काफी शानदार खिलाड़ी है और मुझे पूरी उम्मीद है कि हम इस टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन करेंगे।’

खास मुकाबले में इंडिया महाराजा ने वर्ल्ड जायंट्स को दी मात

एक खास मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस में आयोजित किया गया था जिसमें इंडिया महाराजा ने वर्ल्ड जायंट्स को 6 विकेट से दी मात। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी वर्ल्ड जायंट्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 170 रन बनाए। टीम की ओर से केविन ओ ब्रायन ने सर्वाधिक 31 गेंदों में 52 रन बनाए, वहीं गेंदबाजी में इंडिया की ओर से पंकज सिंह ने 4 ओवर में 26 रन देकर 5 विकेट झटके।

जवाब में इंडिया महाराजास ने इस लक्ष्य को 8 गेंदें रहते बना लिया। टीम की ओर से तन्मय श्रीवास्तव ने 39 गेंदों में 54 और यूसुफ पठान ने 35 गेंदों में 50* रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। पंकज सिंह को उनकी शानदार गेंदबाजी की वजह से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड से नवाजा गया।

close whatsapp