IPL का 2023 सत्र अपने पुराने प्रारूप में फिर से लौटेगा, BCCI अध्यक्ष ने की पुष्टि - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL का 2023 सत्र अपने पुराने प्रारूप में फिर से लौटेगा, BCCI अध्यक्ष ने की पुष्टि

कोविड के बाद से IPL के मुकाबले सिर्फ कुछ चुनिंदा जगहों पर ही खेले गए।

Sourav Ganguly and Jay Shah
Sourav Ganguly and Jay Shah. (Photo Source: Getty Images)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का साल 2023 में खेला जाने वाला संस्करण कोविड-19 से पहले के अपने पुराने प्रारूप में वापसी करेगा, जिसमें टीमें अपने घरेलू मैदान और विरोधी टीम के मैदान पर मैच खेलती थी। इस बात की पुष्टि खुद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने की है।

बता दें, कोविड के बाद से IPL के मुकाबले सिर्फ कुछ चुनिंदा जगहों पर ही खेले गए। 2020 में इस टूर्नामेंट को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला गया था और मात्र तीन स्टेडियम में इसके सभी मुकाबले हुए थे। यह तीन जगह थी: दुबई, शारजाह और अबू धाबी। 2021 संस्करण वापस भारत में खेला गया लेकिन सिर्फ 4 ही जगहों को हरी झंडी मिली। इस टूर्नामेंट के मैच दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई और चेन्नई में खेले गए। हालांकि तमाम टीमों में खिलाड़ियों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इसको बीच में रोक दिया गया। बाद में उसी साल यह टूर्नामेंट UAE में आगे खेला गया।

IPL 2022 पूरे भारत में खेला गया। इस सत्र में दो नई टीमें शामिल हुई। एक थी गुजरात टाइटंस (GT) और दूसरी थी लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG)। गुजरात टाइटंस ने अपने पहले ही सत्र में यह कप अपने नाम किया। सौरव गांगुली ने राज्य इकाइयों को लिखे पत्र में कहा कि, ‘अगले साल से सभी 10 टीमें अपने घर और विरोधी टीम के घर में मुकाबले खेलेंगी।’

BCCI इस समय महिला IPL के ऊपर कार्य कर रही है: सौरव गांगुली

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपने ईमेल में लिखा कि, ‘BCCI इस समय महिला IPL के ऊपर काम कर रहा है। हम लोग इसी कोशिश में लगे हुए हैं कि पहला सत्र अगले साल की शुरुआत में शुरू हो जाए। बाकी जानकारी उचित समय में दी जाएगी। हमें यह बताकर काफी अच्छा लग रहा है कि अंडर-15 बालिकाओं के लिए हमनें एक नया टूर्नामेंट एसी सीजन से शुरू करने का फैसला किया है।’

गांगुली ने आगे कहा कि, ‘पिछले कुछ समय से हमने महिला क्रिकेट में शानदार बढ़ोतरी देखी है और हमारी टीम काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस नए टूर्नामेंट के जरिए हमारी लड़कियों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा और उम्मीद लगाई जा सकती है कि जल्द से जल्द इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर में भी खेलते हुए देखा जाए।’

close whatsapp