जब शाहिद अफरीदी ने इंग्लैंड के खिलाफ पिच के साथ छेड़छाड़ के लिए उठाया था सिलेंडर विस्फोट का फायदा
शाहिद अफरीदी ने पिच के साथ छेड़छाड़ कर अपने देश को शर्मसार कर दिया था।
अद्यतन - Sep 22, 2022 6:07 pm

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने स्वीकार किया है कि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 2005 के टेस्ट मैच के दौरान फैसलाबाद की पिच के साथ छेड़छाड़ की थी। उन्होंने आगे खुलासा किया है कि शोएब मलिक भी पिच के साथ छेड़छाड़ करने की योजना का हिस्सा थे।
हालांकि, पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर को बाद में महसूस हुआ कि उनसे बहुत बड़ी गलती हो गई थी। आपको बता दें, शाहिद अफरीदी को जूते से फैसलाबाद की पिच से छेड़छाड़ करने के लिए एक टेस्ट और दो वनडे मैचों से प्रतिबंध का सामना करना पड़ा था।
जब शाहिद अफरीदी ने इंग्लैंड के खिलाफ सिलेंडर विस्फोट का फायदा उठाया
यह इंग्लैंड के साल 2005 के पाकिस्तान दौरे की बात है, जब दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। पाकिस्तान ने पहला टेस्ट मैच जीता था, जबकि फैसलाबाद में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा मैच जीतकर घरेलू टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम की थी।
शाहिद अफरीदी ने समा टीवी पर कहा: “यह फैसलाबाद में खेले गए टेस्ट मैच की बात है। आप मेरा विश्वास करो, इस मैच के दौरान गेंद न तो टर्न ले रही थी, और न ही उसे कोई स्विंग या सीम मिल रही थी। यह टेस्ट मैच काफी उबाऊ हो रहा था। मैं अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ भी काम नहीं आ रहा था। तभी अचानक एक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया और सभी का ध्यान विस्फोट की ओर चला गया।
मैंने शोएब मलिक से कहा: ‘मेरा दिल चाह रहा है मैं इधर पैच बना दूं। कम से कम गेंद तो टर्न हो!’ जिस पर उन्होंने जवाब में कहा: ‘कर दे। कोई नई देख रहा’। मैंने पैच बना दिया! जिसके बाद जो कुछ भी हुआ वो सभी को पता है। जब मैं पीछे मुड़कर उस घटना के बारे सोचता हूं, तो अफसोस होता है, क्योंकि यह एक गलती थी।”