नागपुर में दूसरे T20I मैच के देरी से शुरू होने के बाद वसीम जाफर ने बड़े ही मजेदार अंदाज में राहुल द्रविड़ को किया ट्रोल - क्रिकट्रैकर हिंदी

नागपुर में दूसरे T20I मैच के देरी से शुरू होने के बाद वसीम जाफर ने बड़े ही मजेदार अंदाज में राहुल द्रविड़ को किया ट्रोल

टीम इंडिया ने दूसरा मैच 6 विकेट से जीतकर तीन मैचों की T20I सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है।

Wasim Jaffer and Rahul Dravid (Image Source: Twitter/BCCI)
Wasim Jaffer and Rahul Dravid (Image Source: Twitter/BCCI)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 23 सितंबर को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया दूसरा T20I मैच गीली आउटफील्ड के कारण एक घंटे से अधिक की देरी से शुरू हुआ। हालांकि, टॉस के पहले बारिश नहीं हुई थी, लेकिन मैच के दिन और 22 सितंबर की रात को हुई बारिश के कारण आउटफील्ड में छोटे-छोटे पैच थे, और पिच मैच के लिए तैयार नहीं थी, नतीजन मैच काफी देरी से शुरू हुआ।

बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते इस भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया T20I मैच को आठ ओवरों तक सीमित कर दिया, जिसे टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीतकर जारी तीन मैचों की T20I सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। खैर, इस लंबे इंतजार ने नागपुर के वीसीए स्टेडियम में मौजूद दर्शकों और अपने घरों में मैच के शुरू होने का इंतजार कर रहे प्रशंसकों को निराश और हताश कर दिया।

वसीम जाफर ने बड़े ही मजेदार अंदाज में राहुल द्रविड़ को किया ट्रोल

एक तरफ जहां प्रशंसकों ने अपनी निराशा सोशल मीडिया पर व्यक्त की और बीसीसीआई के खिलाफ नाराजगी जताई, क्योंकि स्टेडियम के अधिकारी गीले पैच को सुखाने में सक्षम नहीं हुए, वहीं दूसरी ओर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने अपने मजेदार ट्वीट से प्रशंसकों का मनोरंजन किया।

दरअसल, वसीम जाफर ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को मजेदार ट्वीट के जरिए ट्रोल किया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने अपने ट्वीट में कहा कि जब कोई एक निश्चित उम्र के बाद अपने ससुराल जाता है, तो देरी होना आम बात है, जैसा भारत के कोच के साथ हुआ। आपको बता दें, नागपुर राहुल द्रविड़ का ससुराल है, उनकी पत्नी विजेता पेंढारकर इसी शहर की रहने वाली हैं।

वसीम जाफर ने ट्विटर पर लिखा: “जब आप एक निश्चित उम्र के बाद ससुराल जाते हैं, तो जरूरी नहीं कि चीजें समय पर शुरू हों। #राहुलद्रविड़ #नागपुर #भारतबनामऑस्ट्रेलिया”

close whatsapp