‘ठीक है, कभी-कभी विराट कोहली के ऊपर भी सवाल उठाए जाते हैं’: वरुण चक्रवर्ती
'जो समस्या मुझे लगी वो यह थी कि मैंने थोड़ा धीरे भागना शुरू कर दिया था': वरुण चक्रवर्ती
अद्यतन - Sep 30, 2022 1:25 pm

16 अक्टूबर से टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की शुरुआत होने वाली है। सभी टीमों ने अपने दल की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे हैं जबकि उप-कप्तानी का जिम्मा केएल राहुल को मिला है।
अभी कुछ ही समय पहले भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अगर स्पिन डिपार्टमेंट की बात की जाए तो टीम के पास अनुभवी रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल और अक्षर पटेल मौजूद है, वहीं दीपक हुड्डा से भी कुछ ओवर्स ऑफ स्पिनर के रूप में करवाए जा सकते हैं। टीम पिछले वर्ल्ड कप सत्र को भूलकर इस सत्र में शानदार प्रदर्शन करने को देखेगी और ट्रॉफी को अपने नाम करना चाहेगी।
बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत ने स्पिनर के रूप में राहुल चाहर और वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया था। उन्होंने उसके बाद से भारतीय टीम के लिए ना के बराबर मुकाबले खेले हैं।
वरुण चक्रवर्ती के लिए IPL 2022 सत्र भी रहा काफी खराब
बता दें, वरुण चक्रवर्ती ने IPL साल 2021 के सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन किया था जिसकी वजह से उनका नाम इस टूर्नामेंट में शामिल किया गया था। इसके बाद 2022 सत्र के लिए KKR ने उन्हें 8 करोड़ रुपए में रिटेन किया। हालांकि, यह सत्र भारतीय मिस्ट्री स्पिनर के लिए इतना अच्छा नहीं रहा और उन्होंने 11 मुकाबलों में 8.51 की इकोनामी रेट से मात्र छह विकेट झटके। यही नहीं उन्हें फ्रेंचाइजी ने कुछ मुकाबलों में प्लेइंग XI से भी बाहर कर दिया।
वरुण चक्रवर्ती को अपने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के खराब प्रदर्शन की वजह से काफी आलोचना सुननी पड़ी जिसको लेकर उन्होंने अब बड़ा बयान दिया है। उन्होंने विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा कि जब फॉर्म आपका गिर जाता है तो बड़े खिलाड़ियों को भी काफी कुछ सुनना पड़ता है।
कोई बात नहीं, विराट कोहली भी सवालों के घेरे में आ जाते हैं: वरुण चक्रवर्ती
बता दें, विराट कोहली ने 2019 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा था जिसके बाद उनके फॉर्म को लेकर काफी सवाल उठाए जा रहे थे। हालांकि एशिया कप के सुपर-4 में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 71वां शतक जड़ सभी लोगों की बोलती बंद कर दी। बता दें, यह कोहली का पहला अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक था।
वरुण चक्रवर्ती ने स्पोर्ट्सकीड़ा से कहा कि, ‘ठीक है, सभी लोगों से सवाल पूछे जाते हैं। यहां तक कि विराट कोहली भी सवालों के घेरे में थे। अगर कोई आपकी उम्मीदों जितना अच्छा प्रदर्शन नहीं करता है तो उसके ऊपर सवाल उठाए जाते हैं और यह खेल की प्रकृति है। मैं इसको लेकर कुछ नहीं बोल सकता। मेरा काम दिन-प्रतिदिन और भी बेहतर होता जा रहा है। मैं इसके अलावा कुछ अलग हटकर प्रदर्शन नहीं कर सकता था।’
चक्रवर्ती ने KKR को लेकर IPL सीजन के बारे में यह कहा कि, ‘जो समस्या मुझे लगी वो यह थी कि मैंने थोड़ा धीरे भागना शुरू कर दिया था। मुझे पहले इसके बारे में अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन जब मैंने ब्रेक लिया तब मुझे समझ आ गया कि दिक्कत कहां है। उसके बाद मैंने अच्छी गेंदबाजी की।’
दिनेश कार्तिक को लेकर वरुण चक्रवर्ती ने कहा कि, ‘वो काफी अनुभवी हैं और उन्होंने काफी शानदार तरीके से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है। वो ऐसा करते रहते हैं। इस समय जो उन्होंने वापसी की है वह काफी जबरदस्त है और मुझे लगता है कि भारतीय टीम की ओर से वह काफी लंबा खेलेंगे। उन्होंने मुझसे अकेले में आकर बात की और कहा कि बस जो आप सोच रहे हैं उसी को अपने खेल में लाएं। उनकी इस बात ने मेरे प्रदर्शन को और भी बेहतर कर दिया।’