‘वो अभी भी वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुए हैं’- बुमराह की उपलब्धता को लेकर बोर्ड अध्यक्ष गांगुली
इससे पहले एशिया कप 2022 से भी बाहर हुए थे बुमराह।
अद्यतन - Oct 1, 2022 12:09 pm

जसप्रीत बुमराह की चोट से टीम इंडिया की टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी पर असर पड़ा है। बुमराह अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही T20I श्रृंखला से बाहर हो गए हैं और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो, वह टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए हैं। हालांकि, बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का मानना है कि बुमराह अभी भी वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुए हैं और वो वर्ल्ड कप खेल सकते हैं।
आपको बता दें कि, बुमराह अपनी पीठ की चोट के कारण इस महीने की शुरुआत में खेले गए एशिया कप से भी बाहर हो गए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई T20I सीरीज के शुरुआती मैच में वो बाहर हो गए थे। हालांकि वो बाकी के दो मैच में खेलते हुए नजर आए थे लेकिन वहां उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था।
बुमराह अभी भी टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुए हैं- सौरव गांगुली
इसी बीच बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इन अफवाहों पर रोक लगाते हुए टी-20 वर्ल्ड कप में बुमराह की उपलब्धि को लेकर बड़ा बयान दिया गया है। Rev Sports इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि, “जसप्रीत बुमराह अभी टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर नहीं हुए है। वर्ल्ड कप की शुरुआत होने में अभी वक्त है। हमें इंतजार करना चाहिए और कुछ भी जल्दबाज़ी में नहीं कहना चाहिए।”
भारतीय तेज गेंदबाज इस समय बेंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में हैं जहां उनकी चोट की स्थिति की जांच करने के लिए एक के बाद एक कई तरह के टेस्ट किए जा रहे हैं। बता दें कि बुमराह का अलावा स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं और टीम इंडिया को उनकी भी कमी काफी महसूस होगी।
यदि बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप तक फिट नहीं हो पाते हैं, तो दीपक चाहर उनकी जगह ले सकते हैं क्योंकि वह पहले से ही रिजर्वड खिलाड़ियों की सूची में है। वहीं मोहम्मद शमी भी टीम में उनकी जगह लेने के लिए एक और दावेदार हैं, लेकिन तेज गेंदबाज ने पिछले साल के विश्व कप के बाद से एक भी T20I मैच नहीं खेला है और हाल ही में वो कोरोना वायरस के भी चपेट में आ गए थे।