जसप्रीत बुमराह अभी तक सिर्फ दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हुए हैं: हेड कोच राहुल द्रविड़ का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

जसप्रीत बुमराह अभी तक सिर्फ दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हुए हैं: हेड कोच राहुल द्रविड़ का बड़ा बयान

इस समय जसप्रीत बुमराह राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी (NCA), बैंगलोर में है और वहां BCCI के मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।

jasprit bumrah (pic source-twitter)
jasprit bumrah (pic source-twitter)

भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा है कि वह जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर काफी परेशान है और उनके ठीक होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें, भारतीय तेज गेंदबाज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है। पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर होने के कारन टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में उनका खेलना और भी मुश्किल लग रहा है। इस समय बुमराह राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी (NCA), बैंगलोर में है और वहां BCCI के मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रिहैब कर रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में दूसरे टी-20 मुकाबले से पहले राहुल द्रविड़ ने कहा कि, ‘अभी तक आधिकारिक तौर पर बुमराह दक्षिण अफ्रीका सीरीज से बाहर हुए हैं। वो NCA गए हुए हैं और अब हम मेडिकल स्टाफ की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं। आने वाला समय काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। जैसे ही हमें बुमराह की चोट का अपडेट मालूम चलेगा हम आपको इसके बारे में बता देंगे।’

भारतीय तेज गेंदबाज का NCA में स्कैन होना था। जब द्रविड़ से पूछा गया कि क्या नतीजों से कुछ गंभीर चोट का पता चला तो उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया, हालांकि उन्होंने यह कहा कि वर्ल्ड कप से पहले वो बुमराह की चोट के ठीक होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

हम सभी मेडिकल रिपोर्ट्स का इंतजार कर रहे हैं: राहुल द्रविड़

राहुल द्रविड़ ने आगे कहा कि, ‘ सच बताऊं तो मैंने अभी तक मेडिकल रिपोर्ट को नहीं देखा है मैं बस जो एक्सपोर्ट बोलते हैं उस पर विश्वास करता हूं। उनका भी इलाज चल रहा है और हम सब यही चाहते हैं कि वर्ल्ड कप से पहले वो अपनी पूरी फिटनेस में वापस आ जाए। जब तक रिपोर्ट में यह पता नहीं चल जाता कि वो वर्ल्ड कप से बाहर हो सकते हैं तब तक मैं इस बारे में कुछ भी नहीं कहूंगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में भी हम बचे हुए दो मैच में अच्छा प्रदर्शन करने को देखेंगे।’

भारतीय टीम 6 अक्टूबर को पर्थ के लिए रवाना होगी। उम्मीद लगाई जा रही है कि बुमराह इस टीम के साथ सफर नहीं करेंगे लेकिन अगर वो पूरी तरह से ठीक हो जाते हैं तो बाद में ऑस्ट्रेलिया में टीम के साथ जुड़ेंगे। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ 23 अक्टूबर को खेलेगी।

close whatsapp