क्या टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में कैमरन ग्रीन ऑस्ट्रेलिया दल में हो सकते हैं शामिल? जाने क्या कहा एरोन फिंच ने
हाल ही में समाप्त हुई भारत के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में कैमरन ग्रीन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
अद्यतन - अक्टूबर 4, 2022 5:32 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर्स कप्तान एरोन फिंच ने यह साफ कर दिया है कि बल्लेबाज-ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन टी-20 वर्ल्ड कप की टीम में अंतिम क्षणों में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऑलराउंडर मिच मार्श और मार्कस स्टोइनिस इस मुख्य टूर्नामेंट से पहले पूरी तरह से फिट हो जाते हैं तो ग्रीन की जगह इन दोनों को शामिल किया जा सकता है।
बता दें, हाल ही में समाप्त हुई भारत के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में कैमरन ग्रीन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने सिर्फ बल्लेबाजी से ही नहीं बल्कि गेंदबाजी से भी भारतीय टीम को काफी परेशान किया था। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उन्होंने काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी।
ग्रीन के साथ सबसे अच्छी बात यह रही है कि उन्हें अभी तक जितने भी मौके मिले हैं उन्होंने उसमें बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसी के साथ एरोन फिंच ने टी-20 वर्ल्ड कप में कैमरन ग्रीन को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी।
मुझे नहीं लगता कि कैमरन ग्रीन को टी-20 वर्ल्ड कप में मौका मिलेगा: एरोन फिंच
एरोन फिंच ने ESPN क्रिकइंफो से बात करते हुए कहा कि, ‘ग्रीन ने इंडिया के खिलाफ काफी अच्छा प्रदर्शन किया। उनके लिए यह पूरा दौरा ही काफी अच्छा रहा। उन्होंने मेरे साथ ओपनिंग की और बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्हें आगे भी मौका मिलेगा, लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में मुझे नहीं लगता कि उन्हें अंतिम क्षणों में टीम में शामिल किया जाएगा।’
फिंच ने आगे कहा कि, ‘मुझे लगता है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मुकाबलों की टी-20 सीरीज में उन्हें कहीं ना कहीं मौका जरूर मिलेगा। इसमें कोई शक नहीं है कि उनकी बल्लेबाजी काफी कमाल की है और उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी भी की है। हर मुकाबले के साथ वो और भी बेहतर होते जा रहे हैं। जब भी उनको मौका मिला है उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।’
5 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मुकाबलों की टी-20 सीरीज शुरू हो रही है और इस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया अपने ही घर में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के तीनों मुकाबले 9, 12 और 14 अक्टूबर को खेले जाएंगे।