राशिद लतीफ ने भारतीय चयनकर्ताओं और मैनेजमेंट से पूछे तीखे सवाल
'टीम मैनेजमेंट ने पूरे साल में 56-57 खिलाड़ियों को मौका दिया है, लेकिन कोई भी बड़ा इवेंट नहीं जीता': राशिद लतीफ
अद्यतन - अक्टूबर 7, 2022 6:06 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने भारतीय चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के प्रयोगों पर सवाल उठाए हैं, साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि जब योजना की बात आती है तो ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और पाकिस्तान भारत से काफी बेहतर है।
बता दें, राशिद लतीफ ने यह बयान इसलिए दिया है क्योंकि पिछले साल से भारत ने तमाम युवा खिलाड़ियों को टीम में मौका दिया है। वर्ल्ड कप 2021 से एशिया कप 2022 तक भारतीय टीम ने सिर्फ बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी में ही नहीं बल्कि कप्तानी में भी कई खिलाड़ियों को मौका दिया है। लेकिन समस्या यही रही है कि भले ही भारतीय टीम ने द्विपक्षीय सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया हो लेकिन मुख्य टूर्नामेंटों में उन्होंने कप अपने नाम नहीं किया। एशिया कप 2022 में भी वो सुपर-4 से बाहर हो गए थे।
भारतीय टीम लगातार अपने खिलाड़ियों को बदल रही है: राशिद लतीफ
राशिद लतीफ ने टीवी शो में बात करते हुए कहा कि, ‘भारतीय टीम अपने मुख्य खिलाड़ियों को हर जगह रखती हैं और बाकी खिलाड़ियों को लगातार बदल रही है। उन्होंने पूरे साल में 56-57 खिलाड़ियों को मौका दिया है, लेकिन कोई भी बड़ा इवेंट नहीं जीता, यही उनकी परेशानी है।’।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने आगे कहा कि, ‘योजना की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड सबसे बेहतर टीम है और उसके बाद पाकिस्तान आती है।’
बता दें, टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद से भारतीय टीम ने एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं हारी है। उन्होंने हर मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टीम में इस समय डेथ गेंदबाजी सबसे बड़ा चिंता का विषय है। जसप्रीत बुमराह भी चोटिल होने की वजह से टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं।
भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2007 अपने नाम किया था और इस बार के भी मुख्य टूर्नामेंट को जीतने के इरादे से उतरेंगे। टीम के लिए अच्छी बात यह है कि उनके बल्लेबाज अपने बेहतरीन फॉर्म में हैं। हाल ही में एशिया कप के सुपर-4 में अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर का पहला शतक जड़ा था वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई 3 मुकाबलों की टी-20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड से नवाजा गया था। दिनेश कार्तिक भी फिनिशर का रोल बखूबी निभा रहे हैं।