शिखर धवन की अगुवाई वाली भारत की इस टीम को कमजोर समझना बेवकूफी होगी- केशव महाराज - क्रिकट्रैकर हिंदी

शिखर धवन की अगुवाई वाली भारत की इस टीम को कमजोर समझना बेवकूफी होगी- केशव महाराज

भारतीय टीम के पास वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी मौजूद है- केशव महाराज

Keshav Maharaj. (Photo Source: Getty Images)
Keshav Maharaj. (Photo Source: Getty Images)

दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन स्पिनर केशव महाराज का मानना है कि इस समय की भारतीय वनडे टीम जिसकी कप्तानी शिखर धवन कर रहे हैं उसको कमजोर नहीं समझना चाहिए। उन्होंने भारतीय टीम की जमकर तारीफ की।

बता दें, भारत के मुख्य कप्तान रोहित शर्मा टी-20 वर्ल्ड कप 2022 टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया गए हुए हैं, जो 16 अक्टूबर से शुरू होगा। इसी की वजह से BCCI ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए उन तमाम खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है जिनका हालिया प्रदर्शन वनडे क्रिकेट में काफी अच्छा रहा है।

शिखर धवन के साथ शुभमन गिल सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं पहले वनडे में तीसरे नंबर पर ऋतुराज गायकवाड ने बल्लेबाजी की थी। टीम भले ही पहला मैच हार गई हो लेकिन दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज ने टीम की जमकर तारीफ की है।

भारतीय टीम में वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी मौजूद है: केशव महाराज

केशव महाराज के मुताबिक इस समय की भारतीय टीम को कमजोर समझना बेवकूफी होगी क्योंकि उनके पास काफी मजबूत बेंच स्ट्रेंथ है। इस टीम के तमाम खिलाड़ियों ने IPL में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का भी काफी अच्छा अनुभव है। केशव महाराज ने भारतीय टीम की बल्लेबाजी क्रम को वर्ल्ड क्लास कहा है।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक केशव महाराज ने कहा कि, ‘मैं इस भारतीय टीम को कमजोर नहीं कहूंगा क्योंकि उनके पास काफी टैलेंट मौजूद है और वो अपनी तीन-चार अलग-अलग टीमें बना सकती हैं। टीम के पास वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी मौजूद है। भारत के खिलाफ खेलना हमेशा काफी अच्छा लगता है। इस सीरीज के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं और मैं भारतीय टीम के लिए यही कहूंगा कि उनके पास भी वर्ल्ड क्लास बल्लेबाजी है।’

केशव महाराज ने लखनऊ में खेले गए पहले वनडे में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने 8 ओवर में 23 रन देकर 1 विकेट झटके थे। उनकी इस गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम के ऊपर काफी दबाव आ गया था। सीरीज का दूसरा मुकाबला रांची में खेला जा रहा है।

close whatsapp