टी-20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के रवैए को लेकर कप्तान रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में सुपर -12 चरण से ही बाहर हो गई थी टीम इंडिया।
अद्यतन - अक्टूबर 15, 2022 4:34 अपराह्न

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को अपनी टीम के ऊपर पूरा भरोसा कि, आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की ट्रॉफी को वो अपने नाम करेंगे। बता दें, जब से रोहित शर्मा ने टीम की कप्तानी संभाली है खिलाड़ियों के प्रदर्शन में काफी निखार देखने को मिला है। टीम के रवैए में भी काफी बदलाव आया है।
टीम ने अब आक्रमक खेलना शुरू कर दिया है जिसका रिजल्ट भी काफी अच्छा रहा है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ काफी आक्रमक मानसिकता के साथ खेल खेला है। इसी मानसिकता के साथ वो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी खेलने उतरेंगे। इस मुख्य टूर्नामेंट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा ने जोखिम उठाने और अपने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने को लेकर बड़ा बयान दिया है।
रिजल्ट के बारे में ना सोचकर मैंने जोखिम उठाना शुरू कर दिया है: रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि, ‘मैंने बिना रिजल्ट की चिंता किए ज्यादा से ज्यादा जोखिम उठाना शुरू कर दिया है, जो मुझे लगता है कि इस प्रारूप में अच्छी बात है। साथ ही टीम के खिलाड़ी भी इसी मानसिकता के साथ खेल रहे हैं क्योंकि हम सबको पता है कि यही वो प्रारूप है जिसमें खतरा मोल लिया जा सकता है। लेकिन यह बात भी सही है कि इसमें रिजल्ट भी सकारात्मक देखने को मिलेगा।
हम सब इस खतरे को मोल लेने के लिए तैयार हैं। मैंने 2007-2022 तक यह बात समझी है और मुझे अपनी टीम के ऊपर पूरा भरोसा है। पहले की बात अलग थी और अब बात अलग है। टीमों ने भी इसी आक्रमक मानसिकता के साथ क्रिकेट खेला है और हम भी अब वैसा ही प्रदर्शन करने को देखेंगे।’
रोहित शर्मा ने आगे कहा कि, ‘2007 वर्ल्ड कप में मुझे ज्यादा जिम्मेदारी उठानी नहीं पड़ी थी, लेकिन अब मुझे इस जिम्मेदारी का एहसास हुआ है। पहले 140 रन बनाकर टीमें जीत जाती थी लेकिन अब सभी टीमों का यही लक्ष्य होता है कि वो इस स्कोर को 14-15 ओवर में ही बना ले। इतने सालों में खेल में काफी परिवर्तन देखने को मिला है।’