टी-20 वर्ल्ड कप 2022: रोहित शर्मा ने किया खुलासा आखिर क्यों मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फेंका एक ही ओवर - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: रोहित शर्मा ने किया खुलासा आखिर क्यों मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फेंका एक ही ओवर

शमी काफी लंबे समय बाद वापसी कर रहे थे इसलिए हम बस उन्हें एक ही ओवर देना चाह रहे थे: रोहित शर्मा

Mohammed Shami (Photo Source: Twitter)
Mohammed Shami (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के अभ्यास मुकाबले में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने जबरदस्त वापसी की। इस मैच में शमी ने मात्र 1 ओवर ही फेंका लेकिन इसी ओवर की वजह से भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से मात दी।

बता दें, इस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जहां एक तरफ बल्लेबाजी में केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने लाजवाब प्रदर्शन किया वहीं अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली ने अपनी बेहतरीन फील्डिंग से तमाम प्रशंसकों का दिल जीत लिया। इस मैच में मोहम्मद शमी ने मात्र 1 ओवर फेंका जिसमें उन्होंने 4 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

तमाम लोग शमी के इस प्रदर्शन से काफी खुश हैं। बता दें, जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था जिसके बाद मोहम्मद शमी को उनकी जगह 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया। काफी लंबे समय बाद शमी ने क्रिकेट में वापसी की और सच में यह वापसी उनकी काफी धमाकेदार रही। हालांकि मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बताया कि आखिर क्यों शमी को इस मैच में मात्र 1 ओवर ही दिया गया और वो भी पूरे मुकाबले का आखिरी ओवर।

हम बस मोहम्मद शमी को चुनौती देना चाहते थे: रोहित शर्मा

कप्तान रोहित शर्मा ने मुकाबले के बाद कहा कि, ‘शमी काफी लंबे समय बाद वापसी कर रहे थे इसलिए हम बस उन्हें एक ही ओवर देना चाह रहे थे। हम बस उन्हें चुनौती देना चाह रहे थे इसीलिए हमने उन्हें आखिरी ओवर दिया और आप सब ने देखा कि उन्होंने किस तरह की गेंदबाजी की। मैं उनके प्रदर्शन से बहुत खुश हूं।’

बता दें, ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी ओवर में 11 रन की दरकार थी और उनके 4 विकेट शेष थे। शुरुआती 2 गेंदों में शमी ने 4 रन दिए। तीसरी गेंद पर भारतीय गेंदबाज ने पैट कमिंस को आउट किया। चौथी गेंद पर एश्टन एगर रन आउट हो गए। इसके बाद शमी ने जोश इंग्लिस और जे रिचर्डसन को लगातार दो गेंदों में बोल्ड कर भारतीय टीम को जीत दिलाई।

close whatsapp