NZ vs IND: ग्लेन फिलिप्स का गगनचुंबी छक्का, आप भी देखकर रह जाएंगे हैरान
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - नवम्बर 22, 2022 2:39 अपराह्न

आज यानी 22 नवंबर को नेपियर में न्यूजीलैंड और भारत के बीच तीसरा और आखिरी टी-20 मुकाबला खेला जा रहा है। मेजबान न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला पहली पारी के खत्म होने तक ठीक-ठाक बैठा है क्योंकि मेजबान ने 19.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 160 रन बनाए हैं। अब भारत को यह मैच और इस सीरी़ज को जीतने के लिए 161 रन बनाने हैं।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज फिन एलेन 3 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि डेवोन कॉनवे और ग्लेन फिलिप्स ने टीम की ओर से काफी शानदार बल्लेबाजी की और बेहतरीन अर्धशतक जड़ा।
डेवोन कॉनवे ने इस मैच में 49 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। उनके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने 33 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 54 रन की धुआंधार पारी खेली। फिलिप्स के बल्ले से निकले तीन छक्कों में से एक मैदान से बाहर गया।
ग्लेन फिलिप्स ने भुवनेश्वर कुमार को जड़ा गगनचुंबी छक्का

यह सब हुआ न्यूजीलैंड की पारी के 14वें ओवर में। भुवनेश्वर कुमार के इस ओवर की पांचवीं गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने गगनचुंबी छक्का जड़ा। न्यूजीलैंड बल्लेबाज के इस शॉट को देखकर तमाम लोग हैरान रह गए। बता दें, फिलिप्स और कॉनवे के बीच 86 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई।
ग्लेन फिलिप्स पिछले कुछ समय से काफी शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में श्रीलंका के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था जिसकी वजह से उनकी टीम ने उस मैच में जीत दर्ज की थी।
भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। भारत को जीतने के लिए 20 ओवर में 161 रन बनाने हैं। अगर भारत इस लक्ष्य को हासिल कर लेता है तो वो यह तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज को अपने नाम करेगा।