डोप टेस्ट में पॉजीटिव पाए जाने के बाद पर्थ स्कॉर्चर्स ने लॉरी इवांस से छिना बीबीएल 2022-23 कॉन्ट्रैक्ट - क्रिकट्रैकर हिंदी

डोप टेस्ट में पॉजीटिव पाए जाने के बाद पर्थ स्कॉर्चर्स ने लॉरी इवांस से छिना बीबीएल 2022-23 कॉन्ट्रैक्ट

पर्थ स्कॉर्चर्स जल्द लॉरी इवांस के प्रतिस्थापन की घोषणा करेगा।

Laurie Evans (Image Source: Getty Images)
Laurie Evans (Image Source: Getty Images)

बिग बैश लीग (बीबीएल) के क्लब पर्थ स्कॉर्चर्स ने डोपिंग रोधी परीक्षण में लॉरी इवांस के पॉजिटिव पाए जाने के बाद अपने शीर्ष ड्राफ्ट पिक के साथ अपना अनुबंध समाप्त कर दिया है। लॉरी इवांस को 22 नवंबर को पर्थ स्कॉर्चर्स द्वारा यह खुलासा करते हुए टीम से बाहर कर दिया गया कि इंग्लिश क्रिकेटर एक प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के लिए पॉजिटिव पाए गए।

हालांकि, इवांस ने इस साल अगस्त में द हंड्रेड 2022 में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के लिए खेलते हुए प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन करने से इनकार कर दिया है, जिस दौरान एक नियमित डोपिंग रोधी टेस्ट कराया गया था, जिसका परिणाम पॉजिटिव पाया गया है।

लॉरी इवांस प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए जाने से सदमे में है

इवांस ने यह नहीं बताया कि किस पदार्थ की बात की जा रही है, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर किसी भी प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन से इनकार किया है। इस बीच, पर्थ स्कॉर्चर्स ने 22 नवंबर को घोषणा की कि उन्होंने दिसंबर में शुरू होने वाले बीबीएल 2022-23 के लिए लॉरी इवांस के साथ अपना करार समाप्त कर दिया है।

स्कॉर्चर्स ने एक आधिकारिक बयान में कहा: “इवांस के सकारात्मक डोपिंग रोधी परीक्षण के परिणाम के बारे में जानकर क्लब निराश है, जो अगस्त 2022 में कराए गए टेस्ट से संबंधित है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पर्थ स्कॉचर्स, लॉरी इवांस और उनके प्रबंधन ने बिग बैश लीग 2022-23 के लिए उनके अनुबंध को सभी की सहमति से समाप्त करने का निर्णय लिया है। क्लब उनके प्रतिस्थापन की जल्द घोषणा करेगा।”

इस बीच, इंग्लिश क्रिकेटर ने पेशेवर क्रिकेटर्स एसोसिएशन (PCA) द्वारा अपनी ओर से जारी एक बयान में किसी भी तरह के गलत काम से इनकार किया है। इवांस ने PCA के माध्यम से कहा: “मुझे यह जानकर बहुत बड़ा धक्का लगा कि अगस्त 2022 में मैंने जो एंटी-डोपिंग नमूना प्रदान किया था, उसमें मेरा टेस्ट प्रतिबंधित पदार्थ की ट्रेस मात्रा के लिए पॉजिटिव पाया गया है। मैं स्वच्छ खेल में विश्वास करता हूं और मैंने कभी भी कोई प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन नहीं किया है। मुझे नहीं पता कि पॉजिटिव टेस्ट का क्या कारण था, लेकिन मैं और मेरी टीम इस बात की जांच कर रहे हैं कि ये सब कैसे हुआ, और मैं इसका पता लगाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा हूं।”

close whatsapp