इंग्लैंड के टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किए जाने के बाद रेहान अहमद पाकिस्तान दौरे पर रच सकते हैं इतिहास - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंग्लैंड के टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किए जाने के बाद रेहान अहमद पाकिस्तान दौरे पर रच सकते हैं इतिहास

ब्रेंडन मैकुलम और पूरी इंग्लैंड क्रिकेट टीम रेहान अहमद से बेहद प्रभावित हैं।

Rehan Ahmed (Image Source: Getty Images)
Rehan Ahmed (Image Source: Getty Images)

लीसेस्टरशायर के युवा लेग स्पिन ऑलराउंडर रेहान अहमद को अगले महीने पाकिस्तान में होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार इंग्लैंड क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड के राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड के रेड-बॉल प्रशिक्षण शिविर में रेहान के प्रभावशाली प्रदर्शन से प्रभावित होकर युवा लेग-स्पिनर को पाकिस्तान दौरे के लिए टेस्ट स्क्वॉड में शामिल किया है।

रेहान अहमद इस समय अबू धाबी में इंग्लैंड टेस्ट टीम के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में इंग्लैंड लायंस के लिए खेल रहे हैं। इस बीच, 18-वर्षीय क्रिकेटर के पास इतिहास रचने का मौका है, क्योंकि अगर ऑलराउंडर को पाकिस्तान दौरे पर मौका दिया जाता है, तो वह इंग्लैंड के लिए सबसे कम उम्र के पुरुष टेस्ट खिलाड़ी बन जाएंगे।

रेहान अहमद पाकिस्तान दौरे पर रच सकते हैं इतिहास

13 अगस्त 2004 को जन्मे अहमद ब्रायन क्लोज के रिकॉर्ड को तोड़ इंग्लैंड के सबसे युवा टेस्ट डेब्यूटेंट बन सकते हैं। आपको बता दें, ब्रायन क्लोज ने जुलाई 1949 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 साल और 149 दिन की उम्र में इंग्लैंड के लिए टेस्ट डेब्यू किया था।

स्काई स्पोर्ट्स के अनुसार, इंग्लैंड के टेस्ट कोच ब्रेंडन मैकुलम ने रेहान अहमद के बारे में कहा: “बेन स्टोक्स, मैं और टीम के बाकी कोच उसके क्रिकेट से बेहद प्रभावित हैं। पाकिस्तान में टेस्ट टीम का हिस्सा होने का अनुभव उनके लिए बेहद फायदेमंद होगा, और वह हमारी टीम को और मजबूती प्रदान करेंगे।”

आपको बता दें, इस युवा लेग स्पिनिंग ऑलराउंडर ने अब तक सिर्फ तीन प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जहां उन्होंने नौ विकेट लिए हैं, जिसमें एक पांच विकेट हॉल शामिल हैं, जबकि 122 के बेस्ट स्कोर के साथ 195 रन बनाए हैं। अहमद इस साल की शुरुआत में खेले गए आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 में 12 विकेट के साथ इंग्लैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। इसके अलावा, रेहान ने सात लिस्ट ए मैच खेले हैं, जिसमें 89 रन बनाए और पांच विकेट लिए हैं, और साथ ही 19 टी-20 मैचों में 100 रन बनाए और 21 विकेट लिए हैं।

यहां देखिए पाकिस्तान दौरे के लिए इंग्लैंड का टेस्ट स्क्वॉड –

बेन स्टोक्स (कप्तान), जेम्स एंडरसन, हैरी ब्रूक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, बेन फोक्स, विल जैक, कीटन जेनिंग्स, जैक लीच, लियाम लिविंगस्टोन, जेमी ओवरटन, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, मार्क वुड, रेहान अहमद

पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज शेड्यूल –

पहला टेस्ट: रावलपिंडी – 1-5 दिसंबर

दूसरा टेस्ट: मुल्तान- 9-14 दिसंबर

तीसरा टेस्ट: कराची – 18-22 दिसंबर

close whatsapp