मार्क वुड के नितंब की चोट इंग्लैंड के लिए बन सकती है सिरदर्द; बेन स्टोक्स ने दी बड़ी अपडेट
मार्क वुड नितंब की चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के नॉकआउट मैचों से चूक गए थे।
अद्यतन - Nov 26, 2022 3:50 pm

इंग्लैंड तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान का दौरा करने के लिए तैयार हैं, और यहां तक कि मेहमान टीम ने इस ऐतिहासिक दौरे के लिए अबू धाबी में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप भी दे दिया है। पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का आगाज 1 दिसंबर से रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है, लेकिन इस आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) सीरीज से पहले मार्क वुड ने बेन स्टोक्स की चिंताए बढ़ा दी है।
दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज की उपलब्धता संदेह के घेरे में है, क्योंकि वह अब भी नितंब की चोट से उबर रहे हैं। मार्क वुड फिलहाल ब्रिटेन में हैं, और नितंब की चोट से उबर रहे हैं, और कहा जा रहा है कि वह इस सप्ताह के अंत में रावलपिंडी में टीम के साथ जुड़ेंगे।
मार्क वुड अभी भी नितंब की चोट से उबर रहे हैं
आपको बता दें, वुड ऑस्ट्रेलिया में हाल ही में संपन्न हुए आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान चोटिल हुए थे, जिस कारण वह भारत के खिलाफ सेमीफाइनल और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में हिस्सा नहीं ले पाए थे। इंग्लैंड ने फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से मात देकर अपना दूसरा टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।
वुड ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में कुल 9 विकेट चटकाएं थे। इस बीच, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स वुड की फिटनेस को लेकर पॉजिटिव है, और उन्होंने कहा कि टीम में कोई कवर खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जाएगा, और साथ ही पुष्टि की कि स्टार तेज गेंदबाज जल्द पाकिस्तान पहुंचेंगे।
स्टोक्स ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा: “हम टीम में किसी और तेज गेंदबाज को नहीं बुलाएंगे। हम अपनी योजनाओं के साथ टिके हुए हैं। हमने ब्रूकी (हैरी ब्रूक) और वुडी (मार्क वुड) को कुछ समय घर पर बिताने का मौका दिया। हमें लगा उनके लिए घर पर एक हफ्ता बिताना ज्यादा फायदेमंद होगा, खासकर अपनी बैटरी चार्ज करने के लिए, और जाहिर तौर पर वुडी के लिए घर पर अपनी पत्नी और बच्चे के आस-पास रहना यहां होने से कहीं बेहतर है, और वह अपने घर से ही रिहैब भी कर सकता था। इसलिए हमने उन्हें घर पर ही रहने दिया है। मेरा उनसे ज्यादा संपर्क नहीं हो पाया है, मैं बस उन्हें आराम करने देना चाहता हूं। वुडी की तरफ से सभी जानकारी पॉजिटिव है, अब जब वह पाकिस्तान पहुंचेंगे, तभी उनकी स्थिति का पता लग पाएगा।”