पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका - क्रिकट्रैकर हिंदी

पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका

बेन स्टोक्स अपनी मैच फीस पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों को दान करने वाले हैं।

Brendon McCullum and Ben Stokes (Image Source: Getty Images)
Brendon McCullum and Ben Stokes (Image Source: Getty Images)

इंग्लैंड 1 दिसंबर को रावलपिंडी में शुरू हो रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का सामना करना के लिए तैयार है। आपको बता दें, यह इंग्लैंड क्रिकेट टीम का साल 2005 के बाद से पाकिस्तान का पहला टेस्ट दौरा है, जिसके लिए वे 27 नवंबर को एशियाई देश पहुंचे।

इस ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले इंग्लैंड टीम को एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा है, क्योंकि उनके स्टार तेज गेंदबाज मार्क वुड नितंब की चोट के कारण पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने पुष्टि की है कि मार्क वुड रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि तेज गेंदबाज अभी भी नितंब की चोट से उबर रहे हैं।

मार्क वुड पहले टेस्ट से हुए बाहर

हालांकि, मैकुलम को उम्मीद है कि वुड 9 दिसंबर से मुल्तान में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए फिट हो जाएंगे। आपको बता दें, वुड नितंब की चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल और फाइनल से चूक गए थे और उन्हें अबू धाबी में पिछले सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर से भी आराम दिया गया था।

ब्रेंडन मैकुलम ने रावलपिंडी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा: “मार्क वुड दुर्भाग्य से अपनी चोट के कारण पहले टेस्ट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हमें उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट के लिए तैयार रहेंगे, वरना हमारे पास उनका प्रतिस्थापन चुनने के लिए पूरी टीम है।”

इस बीच, पाकिस्तान दौरे पर इंग्लैंड के पास अन्य सीम-बॉलिंग विकल्पों में जेम्स एंडरसन, ओली रॉबिन्सन, जेमी ओवरटन और कप्तान बेन स्टोक्स मौजूद हैं। हालांकि, इंग्लैंड के पास स्टुअर्ट ब्रॉड नहीं है, जो हाल ही में पिता बने हैं, जिस कारण उन्होंने पाकिस्तान दौरे को स्किप करने का फैसला किया। आपको बता दें, बेन स्टोक्स ने कहा है कि वह इस टेस्ट सीरीज की अपनी मैच फीस पाकिस्तान बाढ़ अपील में दान करेंगे।

close whatsapp