मुल्तान टेस्ट से पहले इंग्लैंड को मिला वुड का बूस्ट; बेन स्टोक्स ने फॉक्स को मौका नहीं देने पर दी सफाई - क्रिकट्रैकर हिंदी

मुल्तान टेस्ट से पहले इंग्लैंड को मिला वुड का बूस्ट; बेन स्टोक्स ने फॉक्स को मौका नहीं देने पर दी सफाई

इंग्लैंड इस समय जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान के खिलाफ 1-0 से आगे चल रहा है।

Mark Wood
Mark Wood. (Photo by Mike Hewitt/Getty Images)

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड 9 दिसंबर से पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए फिट घोषित हो गए हैं। हालांकि, विकेटकीपर-बल्लेबाज बेन फोक्स भी पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए पूरी तरह से फिट हैं, लेकिन उन्हें मुल्तान में मौका नहीं दिया जाएगा, क्योंकि इंग्लैंड क्रिकेट प्रबंधन ने ओली पोप के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया, जिन्होंने रावलपिंडी टेस्ट में पहली पारी में 104 गेंदों पर 108 रन बनाए थे।

इस बीच, लियम लिविंगस्टोन जिन्होंने रावलपिंडी में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था पाकिस्तान के खिलाफ शेष दो टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, क्योंकि पहले मैच के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई, जिस कारण वह स्वदेश लौट चुके हैं, जहां वह अपना रिहैब पूरा करेंगे।

बेन स्टोक्स मार्क वुड की वापसी से बहुत खुश हैं

इस बीच, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स मार्क वुड की वापसी से बहुत खुश हैं और उन्होंने कहा कि किसी भी टीम के लिए 150 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी का होना बहुत बड़ा प्लस पॉइंट होता है। स्टार ऑलराउंडर ने आगे कहा पाकिस्तान में टेस्ट मैच जीतना बहुत कठिन काम है इसलिए वुड जैसे तेज गेंदबाज का टीम में होना उनके लिए बोनस है, और उनकी उपस्थिति से इंग्लैंड की 20 विकेट लेने की क्षमता में इजाफा होगा।

बेन फॉक्स को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में मौका नहीं देने के पीछे के कारण पर बात करते हुए बेन स्टोक्स ने कहा कि उन्हें केवल दूसरे टेस्ट के लिए नहीं चुना गया है, लेकिन स्टार विकेटकीपर इंग्लैंड की भविष्य की योजनाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कप्तान ने अंत में कहा, ‘यह चयन सिर्फ मुल्तान टेस्ट के लिए है। मैं अभी भी कहूंगा कि बेन फोक्स दुनिया का सबसे अच्छा विकेटकीपर है, इसलिए उसे नहीं चुनना सभी को मूर्खतापूर्ण लग रहा होगा। लेकिन यह निश्चित रूप से उसके भविष्य के लिए कोई डरावना संकेत नहीं है। वह हमारी भविष्य की योजनाओं में शामिल हैं।’

close whatsapp