"Ishaandaar किशन"- इशान किशन के दोहरा शतक लगाते ही फैंस ने दिए कुछ ऐसे रिएक्शन - क्रिकट्रैकर हिंदी

“Ishaandaar किशन”- इशान किशन के दोहरा शतक लगाते ही फैंस ने दिए कुछ ऐसे रिएक्शन

इशान किशन ने इस मुकाबले में 131 गेंदों में 24 चौके और 10 छक्कों की मदद से 210 रन की शानदार पारी खेल सभी का दिल जीत लिया।

Ishan Kishan (Pic Source-Twitter)
Ishan Kishan (Pic Source-Twitter)

चट्टोग्राम में खेले जा रहे तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज इशान किशन ने इतिहास रच दिया। उन्होंने इस मुकाबले में 131 गेंदों में 24 चौके और 10 छक्कों की मदद से 210 रन की शानदार पारी खेल सभी का दिल जीत लिया।

बता दें, तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज को बांग्लादेश पहले ही अपने नाम कर चुकी है। मेहदी हसन मिराज ने शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में बेहतरीन बल्लेबाजी कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। दूसरे वनडे मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे जिसके बाद इशान किशन को तीसरे वनडे मुकाबले में उनकी जगह प्लेइंग XI में शामिल किया।

तीसरे वनडे मुकाबले में दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग XI में दो बदलाव किए। मेजबान ने नासूम अहमद और नजमुल हसन की जगह यासिर अली और तस्कीन अहमद को प्लेइंग XI में शामिल किया वहीं भारत ने चोटिल रोहित शर्मा और दीपक चहर की जगह कुलदीप यादव और इशान किशन को दल में शामिल किया।

इशान किशन ने पहली गेंद से ही कड़ा प्रहार करना शुरू किया और बांग्लादेश के गेंदबाजों के ऊपर काफी दबाव डाला। शिखर धवन महज 3 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन उसके बावजूद किशन आक्रमक बल्लेबाजी करते रहे। किशन और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 290 रन की साझेदारी हुई।

इशान किशन ने दोहरा शतक जड़ रचा इतिहास

बता दें, इशान किशन चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने दोहरा शतक जड़ा है। दुनिया के वो सातवें बल्लेबाज हैं जिन्होंने यह कारनामा किया है। रोहित शर्मा ने 3 बार वनडे में दोहरा शतक जड़ा है। किशन की इस पारी ने तमाम लोगों का मन मोह लिया। उनके सभी 10 छक्के काफी शानदार थे।

यह उनका वनडे प्रारूप में सर्वाधिक स्कोर हो गया है। उन्होंने 160.31 के स्ट्राइक रेट से बेहतरीन बल्लेबाजी की। अभी भी वनडे में सर्वाधिक स्कोर रोहित शर्मा का है जिन्होंने 264 रन बनाए हैं। इशान किशन ने अभी तक 10 वनडे मुकाबलों में 53 के औसत और 111.97 के स्ट्राइक रेट से 477 रन बनाए हैं।

close whatsapp