PAK vs ENG: ICC ने रावलपिंडी की टेस्ट पिच की जमकर आलोचना की
तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 की अजय बढ़त बनाई हुई है।
अद्यतन - दिसम्बर 13, 2022 1:16 अपराह्न

अमीरात ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले की पिच को ‘कम औसत वाली पिच’ करार दिया है। यही नहीं इस वेन्यू को ICC पिच और आउटफील्ड निगरानी प्रक्रिया के तहत एक डिमैरिट अंक भी मिला है।
बता दें, इसी साल पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच भी इसी मैदान पर टेस्ट मुकाबला खेला गया था और तब भी इस वेन्यू को एक डिमैरिट अंक मिला था। उस समय भी इस पिच को औसत से कम वाली पिच घोषित किया गया था।
अमीरात ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने कहा कि, ‘यह बहुत ही सपाटा पिच थी और यहां पर गेंदबाजों को बिल्कुल भी मदद नहीं मिल रही थी। इसी वजह से दोनों टीमों के बल्लेबाज काफी तेजी से रन बना रहे थे और दोनों टीमों ने काफी बड़ा स्कोर बनाया।
मुकाबले के दौरान भी पिच में बिल्कुल भी फर्क देखने को नहीं मिला। गेंदबाजों को यहां पर बहुत ही कम मदद मिली और इसी वजह से ICC नियम के तहत मैं इस पिच को औसत से कम मानता हूं। मेरे हिसाब से यह बहुत ही खराब पिच थी और यह रिपोर्ट मैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को देना चाहूंगा।’
बता दें, एंडी पायक्रॉफ्ट की यह रिपोर्ट PCB को दे दी गई है। अब देखना यह होगा कि बोर्ड इस पर क्या एक्शन लेता है।
रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले को इंग्लैंड ने अपने नाम किया था
बता दें, रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 657 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से कुल चार बल्लेबाजों ने शतक जड़ा था। इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 579 रन बनाए। अब्दुल्लाह शफीक, इमाम उल हक और कप्तान बाबर आजम ने शानदार शतकीय पारी खेली।
इसके बाद इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी 7 विकेट पर 264 रन पर घोषित की। 343 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान पाकिस्तान के 268 रन पर सभी विकेट गिर गए और इसी वजह से इंग्लैंड ने यह मैच 74 रन से अपने नाम किया।
तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 की अजय बढ़त बनाई हुई है। तीसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला 17 दिसंबर से कराची में शुरू होगा।