टेस्ट क्रिकेट में मिचेल स्टार्क की दुर्लभ उपलब्धि पर ये क्या कह गए पैट कमिंस!
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट 26 दिसंबर से MCG में खेला जाएगा।
अद्यतन - दिसम्बर 19, 2022 11:05 पूर्वाह्न

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने गाबा में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुए पहले टेस्ट के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 300 विकेट के क्लब में शामिल होने के बाद अपने साथी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की जमकर तारीफ की।
आपको बता दें, बाएं-हाथ के अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने रासी वैन डेर डूसन को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में 300 विकेट पूरे किए। मिचेल स्टार्क ने यह उपलब्धि गाबा टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम की पहली पारी के दौरान हासिल की, जब उन्होंने तीन विकेट चटकाकर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को मेहमान टीम को 152 रनों पर समेटने में मदद की थी।
मिचेल स्टार्क ने गाबा टेस्ट में चटकाएं पांच विकेट
इसके अलावा, स्टार्क ने दूसरी पारी में भी दो विकेट चटकाएं और ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका को 99 रनों पर ढेर करने में मदद की, इस तरह उन्होंने गाबा टेस्ट में मेजबान टीम की 6 विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की
पैट कमिंस ने पोस्ट-मैच प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “स्टार्क अपनी शानदार गेंदबाजी से हम सभी को प्रभावित करते रहते हैं। दस वर्षों से क्रिकेट खेलना और 300 टेस्ट विकेट लेना शानदार है। मुझे लगता है कि वह एक अलग ही स्तर पर आगे बढ़ रहे हैं। विकेट के चारों ओर, गेंद को दूर फेंकना, यह उनका एक नया हुनर है। वह हमारी टीम के बड़े खिलाड़ी हैं, जो लगातार बेहतर ही होते जा रहे हैं।”
आपको बता दें, मिचेल स्टार्क 300 टेस्ट विकेट के क्लब में शामिल होने वाले सातवें ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन गए हैं। इस इलीट लिस्ट में शेन वार्न (708), ग्लेन मैक्ग्रा (563), नाथन लियोन (454), डेनिस लिली (355), मिचेल जॉनसन (313) और ब्रेट ली (310) छह ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पहले से ही मौजूद हैं। इस बीच, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट (बॉक्सिंग डे टेस्ट) 26 दिसंबर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेला जाएगा।