मिचेल स्टार्क भारतीय दौरे से पहले पूरी तरह से होना चाहते हैं ठीक
मैं खुद भी यही उम्मीद कर रहा हूं कि भारतीय दौरे से पहले पूरी तरह से ठीक हो जाऊं और अपनी टीम में जबरदस्त वापसी कर पाऊं: मिचेल स्टार्क
अद्यतन - Dec 29, 2022 1:39 pm

ऑस्ट्रेलिया टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को दूसरे टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग करते हुए उंगली में चोट लग गई। वो एक कैच लेने के लिए जा रहे थे लेकिन गेंद उनकी उंगली से लगकर बाउंड्री की ओर चली गई। मिचेल स्टार्क अब यही उम्मीद कर रहे हैं कि फरवरी 2023 में भारत के खिलाफ होने वाली चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज से पहले वो पूरी तरह से ठीक हो जाए।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे टेस्ट मैच में एक पारी और 182 रन से मात दी। उन्होंने पहले टेस्ट को 6 विकेट से अपने नाम किया था और अब तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में मेजबान ने 2-0 की अजय बढ़त बना ली है।
मिचेल स्टार्क की बीच की उंगली में चोट लग गई थी लेकिन उसके बावजूद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की।
मैं सिर्फ यही चाहता हूं कि भारतीय दौरे से पहले पूरी तरह से ठीक हो जाऊं: मिचेल स्टार्क
क्रिकबज के मुताबिक मिचेल स्टार्क ने मुकाबले के बाद प्रेजेंटेशन में कहा कि, ‘ मैं पूरी तरह से पक्का नहीं था सिर्फ यही जानना चाहता था कि क्या मैं इस दर्द में भी गेंदबाजी कर सकता हूं। अब कुछ हफ्तों के लिए मैं क्रिकेट से दूर रहूंगा लेकिन यह काफी अच्छा रहा। मैं भी देख लूंगा कि क्या किया जा सकता है और कितनी चोट आई है। मैं खुद भी यही उम्मीद कर रहा हूं कि भारतीय दौरे से पहले पूरी तरह से ठीक हो जाऊं और अपनी टीम में जबरदस्त वापसी कर पाऊं।’
बता दें, मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 189 पर ऑलआउट कर दिया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी को आठ विकेट पर 575 रन पर घोषित कर दिया था। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में भी मेजबान टीम के गेंदबाजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और उन्हें 204 रन पर ऑलआउट कर दिया। नाथन लियोन ने 3 विकेट झटके। स्कॉट बोलैंड ने दो विकेट अपने नाम किया। मिचेल स्टार्क पैट कमिंस और स्टीव स्मिथ ने एक-एक विकेट हासिल किया।
अब इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला 4 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज 9 फरवरी 2023 से शुरू होगी। दोनों टीमें इस सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन करने को देखेंगे।