आखिर चल क्या रहा है! गब्बर ने टीम इंडिया से बाहर होने के बाद पहले वीडियो पोस्ट किया, फिर डिलीट…..
भारत और श्रीलंका के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 और तीनों मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
अद्यतन - दिसम्बर 31, 2022 3:04 अपराह्न

श्रीलंका के खिलाफ अपने ही घर में होने वाली वनडे और टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम ने अपने दल में कई बदलाव किए हैं। कई युवा खिलाड़ियों को इस सीरीज में मौका दिया गया है वहीं कई अनुभवी खिलाड़ियों को अपना स्थान खोना पड़ा है। बता दें, भारत और श्रीलंका के बीच तीन मुकाबलों की टी-20 और तीनों मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। भारतीय चयनकर्ताओं ने ऋषभ पंत और शिखर धवन को वनडे टीम से बाहर कर दिया है।
शिखर धवन का फॉर्म वनडे में पिछले कुछ महीनों में इतना अच्छा नहीं रहा है। उन्हें भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया लेकिन वो बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। सब जानते हैं कि अपने दिन में शिखर धवन कितने घातक बल्लेबाज साबित हो सकते हैं लेकिन पिछले काफी समय से उनके बल्ले से रन नहीं निकले हैं। वहीं हाल ही में युवा विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया और इसी वजह से उन्हें वनडे सीरीज में शामिल किया गया।
27 दिसंबर को जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडिया टीम के दल की घोषणा की तो उसके बाद धवन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में एक प्रेरणादायक पोस्ट शेयर किया। तमाम प्रशंसकों ने उनका खूब समर्थन किया लेकिन बाद में इस सलामी बल्लेबाज ने यह पोस्ट डिलीट कर दिया और सबको हैरान कर दिया।
Shikhar Dhawan post after getting dropped from national team.
Never give up legend. You are an inspiration for everyone, always being joyful no matter whatever the situation be. ❤️#ShikharDhawan #Dhawan #INDvsSL pic.twitter.com/sDYvBVcYYD
— CrickWizard (@crickwizzard) December 28, 2022
शिखर धवन ने नेट्स में अपनी ट्रेनिंग का वीडियो साझा करते हुए उसके कैप्शन में लिखा कि, ‘गल जीत हार दी नहीं हुंदी, जिगरे दी हुंदी है। काम करी चलो बाकी रब दी रजा पर छोड़ दो।’ इसका मतलब है कि, ‘बात जीत हार की नहीं होती है जिगरे की होती है। बस काम करते हुए चलो और बाकी सब रब पर छोड़ दो।’
वर्ल्ड कप 2023 की वापसी पर धवन की होगी निगाहें
बता दें, शिखर धवन ने अपना वनडे डेब्यू 2010 में किया था और उसके बाद से ही वो टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कई मुकाबले भारत को अपने दम पर जिताए हैं। धवन और रोहित की सलामी जोड़ी ने कई बड़ी टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। शिखर धवन के प्रशंसक भी काफी हैं और सब लोग उन्हें प्यार से ‘गब्बर’ कहते हैं।
भले ही वो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में ना खेल पाए हो लेकिन अब उनकी निगाहें 2023 में भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर होगी। वो यही चाहेंगे कि जल्द से जल्द अपने फॉर्म में वापस आ जाएं और भारतीय टीम की ओर से इस शानदार टूर्नामेंट में एक बार फिर से ओपनिंग करते हुए नजर आए। बता दें, IPL 2023 में शिखर धवन पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। अगर इस बेहतरीन टूर्नामेंट में वो अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनकी वापसी टीम में जरूर हो सकती है।