AUS vs SA: टीम की इज्जत बचाए रखने के लिए मैदान पर उतरेंगे डीन एल्गर
हमें अभी भी भरोसा है कि हम तीसरे और अंतिम टेस्ट में जबरदस्त वापसी कर सकते हैं और अपना बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए हम सब पूरी तरह से तैयार हैं: डीन एल्गर
अद्यतन - दिसम्बर 31, 2022 4:19 अपराह्न

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर का मानना है कि वो मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट मुकाबले में अपनी टीम की इज्जत रखने के लिए मैदान पर उतरेंगे। बता दें, इस तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया शुरुआती दो मुकाबले अपने नाम कर चुकी है। उन्होंने पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया था जबकि दूसरे मुकाबले को उन्होंने एक पारी और 182 रन से जीता।
बता दें, एक समय दक्षिण अफ्रीका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर थी। लेकिन अब भारत ने उनकी जगह ले ली है और वो चौथे पायदान पर गिर चुकी है। ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर है और श्रीलंका तीसरे स्थान पर।
दूसरे टेस्ट मैच में डेविड वॉर्नर ने शानदार दोहरा शतक जड़ सभी का दिल जीत लिया। उनके अलावा एलेक्स केरी ने भी बेहतरीन शतक जड़ा। हालांकि अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला 4 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में शुरू हो रहा है।
डीन एल्गर ने तीसरे टेस्ट मुकाबले से पहले कहीं यह बात
इंडिया टुडे के मुताबिक डीन एल्गर ने कहा कि, ‘हम बैज के लिए खेल रहे हैं। अपनी टीम की इज्जत के लिए खेल रहे हैं। हमें अभी भी भरोसा है कि हम तीसरे और अंतिम टेस्ट में जबरदस्त वापसी कर सकते हैं और अपना बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए हम सब पूरी तरह से तैयार हैं। अब हमारे लिए इज्जत के लिए खेलना सबसे जरूरी बात हो गई है। मुझे पूरा यकीन है कि तमाम खिलाड़ियों को इस समय काफी दर्द हो रहा होगा लेकिन अब जो हो गया उसको ना सोचते हुए आगे के बारे में सोचना चाहिए।’
बता दें टीम के बेहतरीन बल्लेबाज थ्यूनिस डी ब्रुइन तीसरे और अंतिम टेस्ट में नहीं खेलेंगे। थ्यूनिस डी ब्रुइन अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण घर वापस लौट गए हैं। उनको रैसी वान डेर डुसेन की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया था लेकिन वह दो पारियों में 12 और 28 रन ही बना पाए।
शुरुआती दो मुकाबले हारने के बाद अब तीसरे टेस्ट मैच को दक्षिण अफ्रीका अपने नाम करने मैदान पर उतरेगी। बता दें, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सीरीज के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका को वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेलनी है जो 28 फरवरी से शुरू होगी।