श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे जसप्रीत बुमराह - क्रिकट्रैकर हिंदी

श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नहीं दिखाई देंगे जसप्रीत बुमराह

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ 10 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे।

Jasprit Bumrah (Image Source: Getty Images)
Jasprit Bumrah (Image Source: Getty Images)

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ 10 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने कहा है कि बोर्ड ने यह फैसला लिया है कि बुमराह को लेकर हम लोग इतनी जल्दबाजी नहीं करेंगे।

बता दें, टीम के बाकी सब खिलाड़ी गुवाहाटी पहुंच चुके हैं जहां पर पहला वनडे खेला जाना है। इस दल में जसप्रीत बुमराह का नाम शामिल नहीं है। अभी कुछ ही दिन पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जसप्रीत बुमराह को अखिल भारतीय चयन समिति की मांग पर श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया था।

BCCI ने 3 जनवरी को अपनी मीडिया रिलीज में कहा था कि, ‘ अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 10 जनवरी से श्रीलंका के खिलाफ होने वाली मास्टरकार्ड तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम में शामिल किया है।’ बता दें, सितंबर 2022 से जसप्रीत बुमराह क्रिकेट से बाहर ही रहे हैं और पीठ में लगी चोट की वजह से वो ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी नहीं खेल पाए थे।

जसप्रीत बुमराह को दिया जा रहा आराम

BCCI ने आगे कहा था कि, ‘इस तेज गेंदबाज का रिहैबिलिटेशन हो गया है और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) ने उन्हें फिट घोषित कर दिया है। वह जल्द ही टीम इंडिया की वनडे टीम में शामिल होंगे।’

हालांकि BCCI अभी तेज गेंदबाज को और समय देना चाह रही है। वो चाहती हैं कि अब अगर बुमराह वापसी करें तो पूरी तरह से करें। सूत्र की मानें तो बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की वनडे और तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में बुमराह खेलते हुए नजर आ सकते हैं। यह सीरीज 18 जनवरी से शुरू हो रही है।

जहां एक तरफ जसप्रीत बुमराह टीम से बाहर कर दिए गए हैं वहीं रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली की वनडे टीम में वापसी हो रही है। इन तीनों ही खिलाड़ियों को टी-20 सीरीज में आराम दिया गया था।

ये रही अपडेटेड भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह।

close whatsapp