डेविड वार्नर अपने उपमहाद्वीप के प्रदर्शन को लेकर हुए काफी इमोशनल, किया बड़ा खुलासा
मेरे दिमाग में काफी कुछ चल रहा है और मैं ज्यादा सोच विचार नहीं करना चाहता: डेविड वार्नर
अद्यतन - जनवरी 11, 2023 2:22 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने जब से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शुरुआत की है तब से उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। हालांकि तमाम खिलाड़ियों को उनकी जिंदगी में काफी उतार-चढ़ाव देखना पड़ता है। एक समय ऐसा भी था जब डेविड काफी खराब फॉर्म में थे और उन्हें अपनी टीम से एक भी मुकाबला खेलने को नहीं मिलता था। हालांकि समय ने फिर से करवट ली और इस समय वार्नर अपनी टीम के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी है।
बता दें, डेविड वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 101 टेस्ट मुकाबलों में 46.2 के औसत और 71.38 के स्ट्राइक रेट से 8132 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया मैदानों में उनका प्रदर्शन हमेशा से काफी शानदार रहा है लेकिन अगर विदेशी मैदानों में उनके प्रदर्शन की बात की जाए तो वार्नर ने काफी आलोचना का सामना किया है। घर के बाहर उनका 32.78 का औसत है वहीं घर में उनका औसत 58.39 है। भारतीय पिचों में भी उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है।
भारतीय पिचों में वार्नर का सर्वाधिक स्कोर 71 रन का रहा है और उनका औसत यहां पर मात्र 24.25 का है। उन्होंने अपने घर में 19 शतक जड़े हैं जबकि घर के बाहर उनके नाम छह शतक है। भारत में उन्होंने यह उपलब्धि एक बार भी हासिल नहीं की है। इसी को लेकर अब डेविड ने बड़ा बयान दिया है।
ऐसी बहुत सी चीजें हैं जिसका मुझे आज भी सामना करना पड़ता है: डेविड वार्नर
अमेज़न प्राइम वीडियो ने द टेस्ट के दूसरे सीजन के ट्रेलर को रिलीज किया जिसमें वार्नर ने अपने क्रिकेटिंग सफर को लेकर काफी कुछ बताया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए गेंद के साथ छेड़छाड़ मामले को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने वीडियो में कहा कि, ‘ इसमें कुछ अच्छी यादें हैं और कुछ बहुत बुरी यादें भी। ऐसी बहुत सी चीजें हैं जिसका मुझे आज भी सामना करना पड़ता है।’
हालांकि ऐसी बहुत सी ऐसी चीजें हैं जो कैमरा स्नैप ने नहीं दिखाया है। डायरी में एक डेट है अगस्त 27, 2017 जिसमें लिखा हुआ है कि, ‘अब बहुत हो चुका है बस एक और मुकाबला और उसके बाद मैं उपमहाद्विप के दौरे में कभी नहीं जाऊंगा। मेरे दिमाग में काफी कुछ चल रहा है और मैं ज्यादा सोच विचार नहीं करना चाहता।’
उपमहाद्वीप में डेविड वार्नर का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। वो ना तो बांग्लादेश के खिलाफ रन बना पाए ना ही श्रीलंका के खिलाफ और ना ही भारत के खिलाफ। 2016 के श्रीलंका दौरे को उन्होंने सबसे बकवास दौरा कहा।
उन्होंने याद करते हुए कहा कि, ‘ यादें काफी खराब होती है। मैं दोनों तरफ स्पिन गेंदों को पढ़ने में नाकाम रहा था।’