SA20: डोनोवन फरेरा के प्रदर्शन के कायल हुए आरपी सिंह, दक्षिण अफ्रीकाई खिलाड़ी की जमकर तारीफ की
डोनोवन फरेरा को राजस्थान रॉयल्स ने पिछले महीने हुए IPL मिनी ऑक्शन में 50 लाख रुपए में अपने दल में शामिल किया।
अद्यतन - जनवरी 12, 2023 3:55 अपराह्न

SA20 लीग में 11 जनवरी को खेले गए दूसरे मुकाबले में जोबर्ग सुपर किंग्स ने डरबन सुपर जाइंट्स को रोमांचक मुकाबले में 16 रन से मात दी। इस मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाज डोनोवन फरेरा ने 40 गेंदों में 8 चौके और 5 छक्कों की मदद से 82 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
बता दें, जोबर्ग सुपर किंग्स एक समय अपने शुरुआती चार विकेट मात्र 27 रन पर ही गंवा चुके थे। तमाम लोगों को लगा कि यह मैच जोबर्ग टीम बहुत आसानी से हार जाएगी लेकिन डोनोवन फरेरा ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। फरेरा की इस बल्लेबाजी की बदौलत जोबर्ग ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 190 रन बनाए। जवाब में डरबन 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 174 रन ही बना पाई।
बता दें, डोनोवन फरेरा को राजस्थान रॉयल्स ने पिछले महीने हुए IPL मिनी ऑक्शन में 50 लाख रुपए में अपने दल में शामिल किया। फरेरा ने अभी तक 27 टी-20 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 158 के ऊपर के स्ट्राइक रेट से 621 रन जड़े हैं।
डोनोवन फरेरा ने प्रदर्शन को लेकर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने मैच सेंटर लाइव, वायकॉम 18 स्पोर्ट्स में कहा कि, ‘ यह किसी के लिए भी आसान नहीं है जो डोनोवन फरेरा ने किया। आप इस मैदान में उतरकर तुरंत ही आक्रामक बल्लेबाजी नहीं कर सकते। वो सच में मुकाबले को विरोधी टीम से दूर ले गए। उस समय किसी एक बल्लेबाज को तेजी से खेलना बेहद जरूरी था और फरेरा ने वैसी ही बल्लेबाजी की।
आरपी सिंह ने भी की शानदार खिलाड़ी की जमकर तारीफ
उन्होंने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाज़ी में भी कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 1 विकेट भी अपने नाम किया। फरेरा ने जो शॉट्स खेले थे उनमें से कुछ शॉट्स सच में कमाल के थे।’
आरपी सिंह की माने तो डोनोवन फरेरा राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे कारगर खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि, ‘डोनोवन फरेरा के प्रदर्शन को देखते हुए तमाम रॉयल प्रशंसक खुश हुए होंगे। उनके रहने से टीम में काफी वैराएटी आ जाती है। वो बल्लेबाज भी काफी अच्छे हैं और उनकी गेंदबाजी भी कमाल की है।
वो एक विकेटकीपर है और गेंदबाजी भी काफी अच्छी तरह से कर लेते हैं। उन्होंने बड़े शॉट्स खेलकर दबाव को काफी अच्छी तरह से खत्म किया। शेफर्ड के साथ उनकी साझेदारी मुकाबले का टर्निंग प्वाइंट थी।’