जब वीरेंद्र सहवाग के शब्दों ने मुरली विजय की जिंदगी ही बदल दी थी - क्रिकट्रैकर हिंदी

जब वीरेंद्र सहवाग के शब्दों ने मुरली विजय की जिंदगी ही बदल दी थी

मुरली विजय ने कहा कि वीरेंद्र सहवाग का यह बयान तब आया जब उन्हें ऐसा लगता था कि वो अपने फॉर्म के शिखर में हैं और वो कई उपलब्धियों को हासिल कर सकते हैं।

Murali Vijay and Virender Sehwag (Pic Source-Twitter)
Murali Vijay and Virender Sehwag (Pic Source-Twitter)

भारत के पूर्व बल्लेबाज मुरली विजय ने उस समय को याद किया जब पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने उन्हें सीरीज के दौरान चेतावनी देते हुए कहा था कि यह उनके करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। विजय ने कहा कि सहवाग का यह बयान तब आया जब उन्हें ऐसा लगता था कि वो अपने फॉर्म के शिखर में हैं और वो कई उपलब्धियों को हासिल कर सकते हैं। हालांकि उनकी किस्मत एक झटके में पूरी तरह से बदल गई।

विजय ने सहवाग के इन शब्दों को याद करते हुए कहा कि, ‘पूर्व खिलाड़ी के शब्दों की वजह से उन्होंने अपने करियर की सबसे यादगार पारी खेली।’

मुरली विजय ने हाल ही में भारत की पूर्व महिला क्रिकेट कोच WV रमन के शो ‘Wesdnesday with WV Raman’ में कहा कि, ‘मुझे लगता है कि जब मैंने अपनी वापसी में हैदराबाद में 2012 में शतक जड़ा तो वह मेरे करियर का टर्निंग प्वाइंट था। मुझे साल याद नहीं है लेकिन उसी समय मैं और वीरेंद्र सहवाग ओपनिंग कर रहे थे।’

मुरली विजय ने आगे कहा कि, ‘सहवाग मेरे पास आए और उन्होंने कहा कि यह आपकी आखिरी टेस्ट सीरीज हो सकती है और मुझे लगता है कि हैदराबाद की पारी मेरे लिए काफी शानदार रही।’

मुझे पूरा विश्वास था कि मैं दुनिया के किसी भी जगह अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं: मुरली विजय

मुरली विजय ने आगे कहा कि, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इतने धैर्य के साथ वहां खेल पाऊंगा। उस पारी ने मुझे भरोसा दिया कि मैं कहीं भी खेल सकता हूं। मेरी जिंदगी की अपनी परिस्थिति और क्रिकेट ने मुझे एक साथ वो समय दिखाया। उसके बाद मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। मुझे पूरा विश्वास था कि मैं दुनिया के किसी भी कोने में अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं। ट्रेंट ब्रिज में खेली गई पारी मेरी सबसे सर्वश्रेष्ठ में से एक थी।’

बता दें, मुरली विजय ने भारत के लिए 61 टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 38.29 के औसत और 46.3 के स्ट्राइक रेट से 3982 रन बनाए हैं। यही नहीं उन्होंने 17 वनडे मुकाबलों में 21.19 के औसत और 67 के स्ट्राइक रेट से 339 रन बनाए हैं। भारतीय टीम के लिए मुरली विजय बेहतरीन ओपनिंग बल्लेबाजों में से एक रहे हैं।

close whatsapp