‘Outstanding, चाबुक, Class’- कुछ इस अंदाज में टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने की गिल के दोहरे शतक की तारीफ
शुभमन गिल ने 149 गेंदों में 19 चौके और 9 छक्कों की मदद से 208 रन की शानदार ऐतिहासिक पारी खेली।
अद्यतन - Jan 19, 2023 5:24 pm

18 जनवरी को हैदराबाद में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 12 रन से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इस शानदार मुकाबले में भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने दोहरा शतक जड़ इतिहास रच दिया। गिल ने 149 गेंदों में 19 चौके और 9 छक्कों की मदद से 208 रन की शानदार ऐतिहासिक पारी खेली।
सलामी बल्लेबाज की इस पारी के बदौलत भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की लेकिन टीम 49.2 ओवर में 337 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गिल भारत के पांचवे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय वनडे प्रारूप में दोहरा शतक जड़ा हो। उनसे पहले यह कारनामा सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा और इशान किशन ने कर रखा है। रोहित शर्मा ने वनडे प्रारूप में तीन बार दोहरा शतक जड़ा है।
मुकाबला खत्म होने के बाद भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने शानदार तरीके से गिल का दोहरा शतक मनाया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में एक वीडियो साझा की है जिसमें शुभमन गिल केक खाटकर अपने दोहरे शतक का जश्न मना रहे हैं।
ये रही वीडियो:
Double Century ✅
Double the celebration 👌#TeamIndia members describe @shubmangill's incredible Double Ton in Hyderabad in their own style 😎#INDvNZ pic.twitter.com/UTf7oOJds4— BCCI (@BCCI) January 19, 2023
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में एक वीडियो साझा की है जिसमें गिल सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के सामने केक काटकर अपने दोहरे शतक का जश्न मना रहे हैं। इसके बाद टीम के कई खिलाड़ी जैसे हार्दिक पांड्या, विराट कोहली, मोहम्मद सिराज, सूर्यकुमार यादव, कोच राहुल द्रविड़ सहित कई लोगों ने सलामी बल्लेबाज को यह उपलब्धि हासिल करने के लिए उन्हें मुबारकबाद दी।
हार्दिक पांड्या ने कहा कि, ‘यह मेरे लिए बेहतरीन पारियों में से एक है। अगर वो दोहरा शतक नहीं भी जड़ पाते तब भी गिल ने विस्फोटक पारी खेली। यह मेरे पूरी जिंदगी की बेहतरीन पारियों में से एक है।’
विराट कोहली ने कहा कि, ‘यह सच में अविश्वसनीय पारी थी। गिल के अलावा जो खिलाड़ी द्वारा सबसे अच्छा स्कोर बनाया गया था वो 40 से भी कम रन का था। यह पारी सच में कमाल की है और मुझे लगा कि वो आज अपने पूरे जोश में थे। आज उन्होंने यह साबित कर दिया कि आखिर क्यों लोग उनके बारे में इतनी तारीफ करते हैं। मेरी बस यही दुआ है कि वो भविष्य में इससे भी और बेहतरीन पारियां खेले।’
मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि, ‘वो बस अपना सामर्थ हासिल कर रहे हैं और आगे भी हम उनसे ऐसी पारी की उम्मीद करते हैं।’ तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर ने कहा कि, ‘सिर्फ एक शब्द ‘कमाल की बल्लेबाजी’ और ‘सबसे हटकर’।
सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘चाबुक’। उमरान मलिक ने कहा कि गिल ने क्लासिक बल्लेबाजी की। चहल का कहना था, ‘शानदार।’ और भी कई लोग थे जिन्होंने गिल की इस बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की।